बरियातू रोड का कट होगा बंद, शनि मंदिर और गाड़ीखाना में बनेगी रोटरी
राजभवन से करमटोली चौक होते हुए बूटी मोड़ तक डिवाइडर के बीच 132 कट हैं। इसमें अनावश्यक कट बंद किए जाएंगे। जहां अधिक आबादी का मूवमेंट है और हॉस्पिटल है वहीं पर कट खुलेंगे। एक सप्ताह में इसकी समीक्षा कर अनावश्यक कट बंद किए जाएंगे। यह निर्देश नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने बुधवार को शहर की ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान अधिकारियों को दिया। सुबह 6 बजे से 8 बजे तक उन्होंने शहर के प्रमुख सड़कों का निरीक्षण कर नगर आयुक्त और ट्रैफिक एसपी को कहा कि कोई भी कट बंद करने से पहले लोगों की परेशानी का आकलन जरूर करें।
रातू रोड में इंद्रपुरी रोड का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने रिलायंस फ्रेश के सामने बंद कट को तत्काल खोलने का निर्देश दिया। यहां पर रोटरी बनाई जाएगी, ताकि ट्रैफिक मूवमेंट में किसी तरह की परेशानी न हो। नगर आयुक्त ने कहा कि पुलिस पोस्ट बनाने का काम चल रहा है। उसी एजेंसी से कट का आकलन कराकर जल्द रोटरी बनाएंगे। मौके पर निगम के ट्रांसपोर्ट सेल के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने सुबह छह बजे से आठ बजे तक नगर आयुक्त और ट्रैफिक एसपी ने शहर का निरीक्षण किया।
गाड़ीखाना चौक और किशोरगंज चौक पर बनेगा रोटरी
शनि मंदिर और गाड़ी खाना चौक पर ट्रैफिक कंजेशन पर नगर विकास मंत्री ने शनि मंदिर रोड और गाड़ीखाना चौक से अपर बाजार जाने वाले रास्ते को वन वे करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पहाड़ी मंदिर रोड से आने वाले वाहनों को सीधे शनि मंदिर होते हुए अपर बाजार भेजें। वहीं अपर बाजार की आरे से हरमू रोड में निकलने वाले वाहनों को गाड़ीखाना चौक से बाएं तरफ भेजने की व्यवस्था करने के लिए कहा, ताकि गाड़ीखाना चौक पर वाहनों की कतार न लगे। इसके लिए गाड़ीखाना चौक पर रोटरी बनाने का निर्देश दिया गया। किशोरगंज चौक पर वाहनों के आने जाने के लिए पर्याप्त कट खोलने और रोटरी बनाकर ट्रैफिक व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि 15 दिनों के अंदर इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि जाम की स्थिति न बने।