रांची | रांची-लोहरदगा टोरी रेलखंड के टोरी-बड़कीचापी के बीच मालगाड़ी के डीजल इंजन में सोमवार सुबह 10.30 बजे आग लग गई। आग धधकते देख तुरंत पायलट ने सूझबूझ दिखाई और मालगाड़ी रोक दी। उसके बाद इंजन में रखे अग्निशमन यंत्र से आग बुझाई। मालगाड़ी टोरी से रांची आ रही थी। करीब 5 घंटे तक बड़कीचापी-टोरी लाइन के बीच रेलसेवा ठप रही। क्योंकि यह सिंगल लाइन है। दूसरी ओर रांची से टोरी जा रही रांची-लोहरदगा पैसेंजर ट्रेन जैसे ही बरकीचापी स्टेशन पहुंची, तो उसे रोक दिया गया। टोरी जाने वाले करीब 400 यात्रियों को बताया गया कि ट्रेन अब आगे नहीं जाएगी। इस पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया और ट्रेन से इंजन को अलग नहीं करने दिया गया। यात्री अड़ गए। रेलवे कर्मी और यात्रियों में झड़प भी हुई। एक सप्ताह पहले ही रांची-लोहरदगा रेलखंड पर इलेक्ट्रिक तार टूट कर गिरने से इंजन में आग लगी थी।