जस्टिस विक्रमादित्य सहित कई साहित्यकार कल होंगे सम्मानित
झारखंड हिंदी साहित्य संस्कृति मंच का सम्मान समारोह 15 अप्रैल को हरमू बाईपास रोड में गोशाला के सामने दिगंबर जैन भवन के हॉल में होगा। इस कार्यक्रम में मंच के प्रतिष्ठित सदस्यों को भारतीय साहित्य संस्कृति महाकुंभ द्वारा वर्ष 2017-18 में अत्यधिक साहित्य सृजन, काव्य पाठ एवं मंच के आयोजनों में सक्रिय भूमिका के लिए कलमजीवी सम्मान, उर्दू अदबी अवॉर्ड और साहित्यसेवी सम्मान से नवाजा जाएगा। सम्मानित होने वालों में जस्टिस विक्रमादित्य प्रसाद, कामेश्वर निरंकुश, प्रशांत करण, नसीर अफसर, विनय सरावगी, शिल्पी कुमारी ‘सुमन’, गीता सिन्हा ‘गीतांजलि’ आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में मंजिल ग्रुप साहित्यिक मंच, नई दिल्ली के द्वारा मंच के सदस्य प्रशान्त करण को लाल बहादुर शास्त्री साहित्य र| सम्मान और गीता सिन्हा को रचना स्वर्ण प्रतिभा सम्मान से भी सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी मंच की मीडिया प्रभारी शिल्पी कुमार सुमन ने दी।