भाजपा महानगर उपाध्यक्ष व चुनाव एजेंट पर एफआईआर
आचार संहिता उल्लंघन मामले में दो भाजपा नेताओं पर शुक्रवार को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई। इनमें पार्टी के रांची महानगर उपाध्यक्ष और मेयर प्रत्याशी आशा लकड़ा के चुनाव एजेंट प्रदीप कुमार सिन्हा शामिल हैं। सिन्हा पर एसडीओ के निर्देश के बाद आदर्श आचार संहिता के वरीय प्रभारी पदाधिकारी अखिलेश कुमार सिन्हा ने देर शाम प्राथमिकी दर्ज कराई। जबकि महानगर उपाध्यक्ष पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट राम स्वरूप प्रसाद ने आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है।
महानगर उपाध्यक्ष पर ये मामला : प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट प्रसाद ने कहा है कि रांची गोशाला न्यास बोर्ड, हरमू रोड की चहारदीवारी पर पार्टी के पक्ष में चुनाव स्लोगन लिखा हुआ था। इसमें निवेदक के रूप में महानगर उपाध्यक्ष, भाजपा अंकित है।
प्रदीप सिन्हा पर ये मामला : एसडीओ ने कहा है कि निर्वाचन अभिकर्ता प्रदीप कुमार सिन्हा से 7 अप्रैल को स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसका जवाब संतोषप्रद नहीं मिला। सिन्हा ने वाहन परमिट का आवेदन दिया था, जिसे समय पर जारी किया गया। फिर भी एसडीओ पर दबाव बनाया।