- Hindi News
- National
- कमीशन की बात प्रमाणित करें बाबूलाल, भाजपा दोनों प्रत्याशी वापस ले लेगी :सीपी
कमीशन की बात प्रमाणित करें बाबूलाल, भाजपा दोनों प्रत्याशी वापस ले लेगी :सीपी
रांची | नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने रांची नगर निगम में कमीशनखोरी के आरोप को खारिज किया है। साथ ही यह भी कहा है कि झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी अपने इस आरोप को प्रमाणित करें तो भाजपा रांची के मेयर और डिप्टी मेयर प्रत्याशी को चुनाव मैदान से वापस ले लेगी। मंत्री मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि झगड़े किस घर में नहीं होते। आशा लकड़ा और संजीव विजयवर्गीय के बीच झगड़ा व्यवस्था बनाने और विकास करने काे लेकर था, न कि कमीशन के लिए। कौन सही है, कौन गलत की जगह यह देखना चाहिए कि रांची नगर निगम सहित राज्य के सभी निकायों में विकास के कितने काम हुए हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री रहते हुए बाबूलाल मरांडी ने फुटपाथ दुकानदारों के लिए सुपर मार्केट बनाने का वादा किया था, लेकिन उनसे झोपड़ी मार्केट तक नहीं बन पाया। जबकि रघुवर सरकार रांची के फुटपाथ दुकानदारों के लिए सुपर मार्केट बना रही है। भाजपा सिर्फ वादा नहीं करती, उसे निभाती भी है। इस अवसर पर प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी संजय जायसवाल मौजूद थे।