लव जिहाद का आरोपी मकसूद आलम ने कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजा
क्राइम रिपोर्टर | रांची/चान्हो
लव जिहाद मामले के आरोपी बेड़ो निवासी मकसूद आलम शुक्रवार को न्यायिक दंडाधिकारी मनीष कुमार सिंह की अदालत में सरेंडर कर दिया। कोर्ट ने उसे हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। दूसरी तरफ, बरामद युवती चंचला को कोर्ट ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से नारी निकेतन में रहने के लिए भेज दिया।
इससे पूर्व सुखदेव नगर थाना की पुलिस युवती को बरामद कर के कोर्ट में पेश किया। युवती का सीआरपीसी की धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराया गया। बयान में युवती ने कोर्ट को बताया कि वर्ष 2011 से दोनों में प्रेम-प्रसंग चल रहा है। 27 फरवरी 2018 को वह मकसूद के साथ कोर्ट मैरेज बांकुड़ा के कोर्ट में किया। कहा कि उसके साथ किसी तरह का दबाव या जबरदस्ती नहीं हुई है, जो कुछ भी है, वह अपनी मर्जी से की है। कोर्ट को बताया कि उसका पति मकसूद दूसरे धर्म और समुदाय का है, इसलिए इस शादी को तोड़ने के लिए उस पर काफी दबाव दिया जा रहा है। बताया कि उसने शादी कर ली है और अब उसी के साथ रहेगी। बयान दर्ज होने के बाद युवती ने आवेदन लिखकर कोर्ट से अनुरोध की है कि वह अपनी मां-पिता के घर नहीं जाना चाहती है। क्योंकि, उसकी जान को खतरा है। साथ ही साथ उसके पति मकसूद के भी जान का खतरा है। इसलिए, कोर्ट से अनुरोध है कि दोनों की जान की रक्षा की जाए। दूसरी तरफ युवती की मां संगीता ने भी कोर्ट में आवेदन दाखिल की। कोर्ट को बताया कि उसकी बेटी की मानसिक दशा ठीक नहीं है। उसका इलाज चल रहा है। उसकी बेटी की देखभाल और इलाज के लिए उसके पास सौंप दिया जाए। कोर्ट ने आदेश दिया कि युवती की सुरक्षा हेतु उसे नारी निकेतन भेज दिया जाए।
कोर्ट ने आदेश दिया कि युवती की सुरक्षा के लिए उसे नारी निकेतन भेज दिया जाए