डीएनए जांच मामले में पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल को कोर्ट नोटिस
पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल को अपने पुत्र का पिता बताने वाली सोनी देवी की याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट ने शुक्रवार को सुनवाई की। हाईकोर्ट ने सत्यानंद झा बाटुल को नोटिस जारी किया है। मामले की पहली सुनवाई करते हुए कोर्ट ने उन्हें महिला के आरोपों पर अपना पक्ष रखने को कहा है। सोनी देवी ने एक याचिका दायर कर कोर्ट को बताया है कि सत्यानंद झा ने उनके साथ शादी की और उनका पुत्र है, पर अब वे इसे नहीं मान रहे। सत्यता की जांच के लिए सत्यानंद झा बाटुल का डीएनए जांच कराई जाए।
रिम्स अधीक्षक मामले में सुनवाई पूरी
रिम्स के अधीक्षक डाॅ. एसएन चौधरी की याचिका पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। शुक्रवार को जस्टिस एसएस पाठक की कोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। याचिका में डाॅ. चौधरी ने वर्ष 2017 में हुए उनके तबादले को चुनौती दी है। याचिका में बताया गया है कि उन्हें सरकार ने गलत तरीके से बदला। तबादले का आदेश नियमों के विपरीत है, इसे निरस्त किया जाए। पूर्व में कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद सरकार के आदेश पर स्टे लगा दिया था।
श्याम थापा समेत पांच पर सीसीए को मंजूरी
रांची | झारखंड हाईकोर्ट में शुक्रवार को सीसीए एडवाइजरी कमेटी की बैठक में जमशेदपुर के श्याम थापा समेत 5 अपराधियों पर सीसीए लगाने के प्रस्ताव पर कमेटी ने मुहर लगा दी। बैठक की अध्यक्षता जस्टिस एवी सिंह ने की। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, जिलों के डीसी व एसपी उपस्थित थे। बैठक में 7 लोगों पर सीसीएल का प्रस्ताव था।