बाइक-साइकिल में टक्कर, तीन गंभीर रूप से घायल
खूंटी | वन विभाग के चेकनाका के पास शुक्रवार की शाम पांच बजे के करीब बाइक एवं साइकिल के बीच टक्कर होने से तीन लोग घायल हो गए हैं। घायलों में बाइक सवार तीराटोली रातू रांची के संजीत कुमार गोप एवं सुलेंद्र कुमार महतो तथा साइकिल सवार जामटोली मुरहू के वृद्ध टोटो मुंडा शामिल है। इनमें से बाइक सवार को अधिक चोट लगी है। दोनों को सिर में चोट है। घायलों को एसडीपीओ रणवीर सिंह एवं प्रोबेशनर डीएसपी आशुतोष कुमार सत्यम ने सदर अस्पताल पहुंचाने में सराहनीय सहयोग किया। उस वक्त दोनों पुलिस अधिकारी वहां से गुजर रहे थे। घायलों को देकर रुक गये और अस्पताल भेजने में मदद की। बताया गया कि बाइक सवार रांची लौट रहे थे, जबकि साइकिल सवार वृद्ध व्यक्ति हाट से घर लौट रहे थे। इसी क्रम में चेकनाका के पास बाइक ने साइकिल को ठोंक दिया। इस हादसे में बाइक सवार जमीन में गिर गए,जिससे दोनों को सिर में में गंभीर चोट लग गई। दोनों को रिम्स रेफर कर दिया गया है।