पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • एमजी रोड में वेंडर के लिए एक और मार्केट, मल्टी लेवल पार्किंग भी बनेगी

एमजी रोड में वेंडर के लिए एक और मार्केट, मल्टी लेवल पार्किंग भी बनेगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजधानी में कचहरी रोड के बाद अब एमजी रोड में भी फुटपाथ दुकानदारों के लिए वेंडर मार्केट बनाया जाएगा। इसके साथ ही यहां मल्टी स्टोरी पार्किंग भी बनाई जाएगी। इस मार्केट का निर्माण एमजी रोड के संकट मोचन मंदिर के बगल में स्थित टैक्सी स्टैंड की जमीन पर बनेगा।

नगर विकास विभाग की एजेंसी झारखंड अर्बन डेवलपमेंट एजेंसी (जुड़ो) ने इसके लिए टेंडर निकाल दिया है। इसके लिए अगले माह 12 जून को टेंडर खोला जाएगा। इसमें चयनित होनेवाली कंपनी को वेंडर मार्केट सह पार्किंग बनाने का काम सौंपा जाएगा। एक साल के अंदर इस प्रोजेक्ट को पूरा कर लेना है। इसके निर्माण पर करीब 4.40 करोड़ रुपए खर्च करने की योजना है।

एमजी रोड में वेंडर मार्केट और पार्किंग बनने से जाम की समस्या का बहुत हद तक समाधान हो जाएगा। क्योंकि सर्जना चौक से डेली मार्केट तक रोड के किनारे करीब 20 फुट चौड़ी जगह पर फुटपाथ दुकानदारों का कब्जा रहता है। वे हट जाएंगे, तब वाहनों के मूवमेंट में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

टैक्सी स्टैंड की जमीन पर बनेगा मार्केट, 70 कार व 100 बाइक की होगी पार्किंग, जाम से मिलेगी निजात

टैक्सी स्टैंड में बनेगी तीन मंजिला बिल्डिंग

पहले व दूसरे तल्ले पर 100 दुकान की जगह

वेंडर मार्केट सह मल्टी लेवल पार्किंग का डिजायन आर्किटेक्ट राजीव चड्डा ने तैयार किया है। मार्केट के बेसमेंट व ग्राउंड पर 70 कार के लिए पार्किंग बनेगी। पहले व दूसरे तल्ले पर 100 फुटपाथ दुकान की जगह होगी। तीसरे तल्ले पर लगभग 100 बाइक के लिए पार्किंग बनेगी। ऊपरी तल्ले की पार्किंग के लिए रैंप की लंबाई घुमावदार होगी, ताकि वाहनों के आने जाने में किसी तरह की परेशानी न हो।

ऊपरी तल्ले की पार्किंग के लिए घुमावदार रैंप बनेगी

हाईकोर्ट के निर्देश के बाद बनी योजना : फुटपाथ दुकानदारों को बसाने के झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद नगर निगम ने शहर के 9 स्थानों पर इन्हें बसाने की योजना तैयार की है। इसमें टैक्सी स्टैंड भी एक है। यह मार्केट झारखंड का पहला ऐसा मार्केट होगा, जहां मल्टी लेवल पार्किंग की व्यवस्था होगी।

दो और मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की है तैयारी

एमजी रोड में दो और स्थानों पर मल्टी लेवल पार्किंग बनाने की तैयारी है। सुजाता चौक के पास 1.67 एकड़ और हिनू में 80 डिसमिल जमीन का अधिग्रहण कर मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण की योजना है। जमीन अधिग्रहण का नोटिस भी जारी किया गया है। हालांकि अधिग्रहण का मामला अभी भी फंसा हुआ है।

जाम की समस्या होगी दूर : सर्जना चौक से डेली मार्केट तक दिनभर फुटपाथ दुकानदारों का कब्जा रहता है। सड़क किनारे ठेला और दुकान लगे रहते हैं। इस वजह से अलबर्ट एक्का चौक से डेली मार्केट चौक तक जाम रहता है। मार्केट बनने से दुकानदार शिफ्ट हो जाएंगे, जिससे खरीदारों की भीड़ भी कम हो जाएगी।

खबरें और भी हैं...