बैठक में पदाधिकारियों से बातचीत करते ऑब्जर्वर।
भास्कर न्यूज | सिल्ली
सिल्ली में आगामी 28 मई को होने वाले उपचुनाव को लेकर राजस्थान के आईएएस जनरल ऑब्जर्वर ईश्वर सिंह राय शुक्रवार को सिल्ली पहुंचे। उन्होंने प्रखंड के सभी 111 मतदान केंद्रों के बीएलओ व सरकारी कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में बीडीओ उदय कुमार, सीओ अभिषेक कुमार, डीएसपी सतीष चंद्र झा, थाना प्रभारी चिरंजीत प्रसाद व आरके पांडे व सीडीपीओ आदि कई पदाधिकारी मौजूद थे। ऑब्जर्वर ने कहा कि उपचुनाव निष्पक्ष व भयमुक्त वातावरण में हो इसके लिए सभी सहयोग करें। आदर्श आचार संहिता का पालन में कहीं कोई शिकायत मिले तो अविलंब इसकी सूचना प्रशासन को दें। सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी। अधिकारी ऐसी तैयारी करें कि चुनाव के दौरान निष्पक्षता पर कोई सवाल न खड़ा कर सके। बैठक को डीएसपी, बीडीओ, सीओ व सीडीपीओ आदि ने भी संबोधित किया। अधिकारियों के साथ भी बैठक जनरल ऑब्जर्वर ईश्वर सिंह राय ने बीएलओ के बैठकें बाद सीओ, बीडीओ, डीएसपी व थाना प्रभारियों के साथ अलग से बैठक करके उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बूथों, क्लस्टर व सेक्टर आदि पर आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली। ऑब्जर्वर ने कहा कि प्रत्येक बूथों पर पानी, शौचालय समेत आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करें। जिन बूथों पर पेय जल की समस्या है वहां घड़े में पानी रखने की व्यवस्था करें।
सीमा पर चेकनाका की जांच करने पहुंचे ऑब्जर्वर
सिल्ली ऑब्जर्वर ईश्वर सिंह राय ने रांची पुरुलिया मार्ग पर मुरी के निकट पश्चिम बंगाल सीमा पर बनाए गये चेकनाका का भी निरीक्षण किया। वहां तैनात अधिकारियों व जवानों से बात की। ऑब्जर्वर ने चेकनाका पर तैनात जवानों की सुविधा के लिये एक अस्थायी शेड बनवाने का आदेश दिया। इससे पूर्व अधिकारियों ने वन विभाग के गेस्ट हाउस में लंच के दौरान भी अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली।