ब्रिटिश लोगों को हैट से बहुत लगाव है। शादी हो या जनाजा या फिर घुड़दौड़ इंग्लैंड में लोग इन अवसरों पर हैट लगाते हैं। इसमें फर वाले हैट का एक अलग ही चस्का है। ब्रिटेन में सबसे लंबे समय तक महारानी रहीं एलिज़ाबेथ ने पिछले 50 वर्ष में 5000 से ज्यादा हैट्स पहने हैं। वे सभी अलग-अलग डिजाइन के हैं। महारानी के लिए कौनसे हैट ठीक रहेंगे, इसके लिए विशेषतौर पर एक व्यक्ति रखा गया है।
प्रिंस हैरी की शादी के तमाम आयोजनों में भी ऐसा ही कुछ नजारा था। वैसे तो राजघराने में कैथरीन, डचेस ऑफ कैम्ब्रिज ने लक्जरी हैट्स बनाने वाली विवियन शैरिफ को हैट्स के लिए चुन रखा है। उन्हीं से राजघराने के अन्य लोग भी हैट्स बनवाते हैं। शैरिफ के अनुसार अब राजघराने के लोग भी आयोजनों में कैजुअल्स ही पहनते हैं, लेकिन हैट्स से लुक कुछ अलग हो जाता है। ये हैट्स आमतौर पर महिलाओं में ज्यादा प्रचलन में हैं और शैरिफ भी महिलाओं को ध्यान में रखते हुए हैट्स डिजाइन करती हैं। हालांकि उनके पास पुरुषों के लिए भी कलेक्शन है। पहले शैरिफ विंटेज एंटीक फैब्रिक बेचती थे, लेकिन बाद में लगा, क्यों न हैट्स पर काम किया जाए। हफ्ते में महज 20 हैट्स बनाती हैं।
शैरिफ के अनुसार हैट्स पहनने की कोई तहजीब तो नहीं है, लेकिन मौके और मौसम के अनुसार ये बदल जाता है। शादी में दुल्हन की मां को हमेशा से ही हैट्स पसंद करने में कठिनाई आती हैं, क्योंकि उसकी चिंता यह रहती है कि फोटो कैसे आएंगे। लेकिन वे हैट पहनती जरूर हैं।