संविदाकर्मी को नियमित करने की अभी योजना नहीं: राठौड़
जयपुर| राज्य के डेढ़ लाख से अधिक संविदाकर्मियों को चुनावी वर्ष में नियमित होने की संभावना नहीं है। राज्य सरकार ने स्पष्ट किया गया कि संविदा कर्मियों को नियमित करने को लेकर कोई योजना नहीं है। कर्मचारियों की मांगों पर बुधवार को हुई कैबिनेट सब कमेटी की सचिवालय में हुई बैठक के बाद पंचायतीराज मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने यह स्थिति साफ की।
राठौड़ ने कहा कि फिलहाल संविदा के कर्मियों को स्थायी करने का कोई प्लान नहीं है, लेकिन उनकी अन्य मांगों के समाधान को लेकर सब कमेटी सहानुभूतिपूर्वक विचार करके निर्णय लेगी। सब कमेटी की 28 मई को होने वाली बैठक में वेतन कटौती और पुरानी पेंशन व्यवस्था का विकल्प देने को लेकर निर्णय हो सकता है। सब कमेटी ने इस बारे में सचिवालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष व अन्य प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया है। कितना व्यय होगा और कितने कर्मचारी प्रभावित हैं। इसकी विस्तृत रिपोर्ट कर्मचारियों ने सरकार को दी है, जिसके अध्ययन के बाद 28 मई को विचार किया जाएगा।
बैठक में जनता जल योजना में पीएचईडी कर्मियों को वरीयता देने और उनका मानदेय बढ़ाने को लेकर सहमति हुई। संविदारत कंप्यूटरकर्मियों की जॉब सिक्योरिटी पर नीति बनाने को लेकर एक्सरसाइज करने के राठौड़ ने निर्देश दिए और उनके मानदेय संबंधी शोषण दूर करने के लिए उनके कंप्यूटर और न्यूनतम मानदेय मिलाकर अलग से आदेश दिया जाएगा।