मनमर्जी की पार्किंग से परेशान कस्बेवासी, आए दिन लगता है जाम
रानीवाड़ा | नीकटवर्ती मालवाडा मुख्य बाजार में आए दिन जाम लगने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाहन चालक मनमर्जी से जहां चाहे वहां अपने वाहन को खड़ा कर देते हैं। कस्बे में दुपहिया व अन्य वाहनों के लिए पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था का पिछले लंबे समय से अभाव बना हुआ है। ऐसे में विभिन्न स्थानों पर बेतरतीब खड़े दुपहिया समेत अन्य वाहन आमजन के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं लेकिन इस ओर ग्राम पंचायत एवं पुलिस प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कस्बे में पुलिस चैकी के पास बड़ के नीचे ग्राम पंचायत की ओर से नो पार्किंग का बोर्ड लगाया गया था, लेकिन यहां लोग गाड़ी खड़ी कर देते हैं।
कही बार तो जाम लगने से झगड़े भी हो जाते हंै। दुकानों पर खरीदारी करने आने वाले लोग सड़क पर वाहन खड़ा कर देते हैं। कभी कभार तो मरीजों को लेकर यहां से गुजर रही एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती है। वही मालवाड़ा से सुंधा माता जाने वाला मार्ग भी मैन बाजार से निकलता है।
व्यापारी पंकज सुंदेशा का कहना है कि दुपहिया समेत अन्य वाहन बेतरतीब खड़े रहते हैं कई बार तो जाम को लेकर लोगों में झगड़े भी हो जाते हंै।