शिक्षा ही समाज के विकास की अहम कड़ी : चौधरी
चौधरी समाज का प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
भास्कर न्यूज | जसवंतपुरा
उपखण्ड मुख्यालय पर मंगलवार को आंजणा युवा संगठन देवलाटी परगना के तत्वावधान में निजी स्कूल प्रांगण में प्रतिभा सम्मान समारोह व स्नेहमिलन समारोह हुआ। जिसकी शुरूआत महंत लक्ष्मणगिरी महाराज ने गुरू राजेश्वर के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर की। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपअधीक्षक देवाराम चौधरी रेवदर व मुख्य अतिथि के रूप में अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भैराराम चौधरी मौजूद रहे। इस दौरान पुलिस उप अधीक्षक देवाराम चौधरी ने कहा कि युवाओं को रोजगार की तरफ आगे बढ़ना होगा और आगे बढ़ने के लिए शिक्षा ही अहम कड़ी है। डॉ. भुपेन्द्र चौधरी ने शिक्षा के साथ साथ शारीरिक व्यायम भी जरूरी होने की बात कही। कार्यक्रम को अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भैराराम चौधरी, सरोज चौधरी जालोर, बेटी क्रांति समाजसेवी शिल्पा चौधरी, चौधरी युवा संगठन राष्ट्रीय महामंत्री भैराराम, डॉ. अजबाराम व अन्य समाज बंधुओं ने भी संबोधित कर समाज हित की बात कही। इसके बाद भारतीय आंजणा युवा महासंगठन की पहल पर बारह विधवा महिलाओं को शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में परबाराम चौधरी रानीवाड़ा, जानुराम चौधरी, सवदाराम रानीवाड़ा, जवानाराम चौधरी, रायमल चौधरी, भैराराम चौधरी प्राचार्य मण्डार, रतन चौधरी, भैराराम गजापुरा, लाखाराम उचमत, गजाराम उचमत सहित बड़ी संख्या में चौधरी समाज के लोग मौजूद थे।
जसवंतपुरा. आंजणा समाज के प्रतिभावन सम्मान समारोह में मौजूद अतिथि व समाजबंधु।