क्षेत्र में गहराती जा रही पेयजल समस्या को लेकर सोमवार को कांग्रेस जनों ने पूर्व उपमुख्य सचेतक रतन देवासी के नेतृत्व में उपखण्ड अधिकारी रानीवाड़ा का घेराव किया कर समस्या को लेकर वार्ता की। घेराव के बाद प्रमुख कांग्रेसजनों ने उपखण्ड अधिकारी को बताया कि क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या है। भीषण गर्मी में गांवों में पानी की किल्लत है। पानी की टंकियां व अवाड़े खाली पड़े हैं। गर्मी का एक महीना बीत गया फिर भी टैंकर व्यवस्था शुरू नहीं की गई है। बिना पानी कई गांवों में स्थिति खराब है। देवासी ने उपखण्ड अधिकारी को बताया कि टेस्टिंग के लिए मुख्य लाइन में जो नर्मदा पेयजल छोड़ा गया है वो दूषित है जिससे बीमारी का डर है। आमजन की भी यही शिकायत है। उन्होंने बताया कि बिना फिल्टर किए, बिना पाईप लाइन व टैंक को साफ किए पेयजल नहीं छोड़ना चाहिए व आमजन को ऐसा गंदा, दूषित पानी पीने के लिए नहीं देना चाहिए। उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि वे आज ही समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों की बैठक बुलाएंगे व प्राथमिकता पर टैंकर व्यवस्था शुरू करवाएंगे। इस अवसर पर प्रधान रमिला मेघवाल, ब्लॉक अध्यक्ष जयकिशन विश्नोई सहित बड़ी तादाद में कांग्रेस जन उपस्थित थे।