शिविर में निपटाए मामले, उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन भी बांटे
भास्कर न्यूज | करडा
निकटवर्ती मेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर शुक्रवार को राजस्व लोक अदालत न्याय आपके द्वार शिविर का आयोजन हुआ। रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल ने ग्रामीणों को सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की बात कही। उपखंड अधिकारी हनुमानसिंह राठौड़ ने राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने की बात कही। तहसीलदार सुरेंद्र पाटीदार ने राजस्व विभाग की ओर से शिविर में होने वाले कार्य के बारे में जानकारी देते हुए नामांतरण, बंटवारा, राजस्व प्रतिलिपि व रास्ता विवाद समेत विभिन्न कार्यों का निपटारा किया। पंचायत प्रसार अधिकारी मोहनलाल राणा द्वारा पंचायतीराज विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार, श्रमिक कल्याण की योजनाएं समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ लेने की बात कही। वही तालुका विधिक सेवा समिति रानीवाड़ा की ओर से पीएलवी चंदुलाल राणा व हरेश कुमार की ओर से विधिक जानकारी दी गई। इस अवसर पर चिकित्सा विभाग, पशुपालन विभाग, जलदाय विभाग, विद्युत विभाग समेत विभिन्न विभागों से संबधित मामले निपटाए गए। इस दौरान उज्ज्वला योजना के गैस कनेक्शन वितरित किए गए।