नशीले पदार्थ की खेप पकड़ी, छानबीन जारी
रानियां | नशाखोरी पर शिकंजा कसने को पुलिस की ओर से चलाए गए अभियान के तहत सोमवार को रानियां पुलिस ने भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है। रानियां पुलिस ने गांव भड़ोलियांवाली बस स्टैंड के नजदीक एक व्यक्ति को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस पार्टी को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, मगर पुलिस ने उसे मौका पर ही दबोच लिया। थाना प्रभारी सूरजभान ने बताया कि नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली की, एक व्यक्ति नशा सप्लाई करने की फिराक में है। पुलिस की टीम भड़ोलांवाली बस स्टैंड के पास पहुंची। जहां से सोढ़ी निवासी ओटू को 8 किलो 500 ग्राम चूरा पोस्त व 230 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। इसके अलावा आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।