रंका प्रखंड के कटरा के ग्रामीणों ने सोमवार को उपायुक्त डाॅ. नेहा अरोड़ा से मिलकर उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटरा को उत्क्रमित मध्य विद्यालय लरकोरिया में विलय करने से रोकने की मांग की है। ग्रामीणों ने उपायुक्त को दिए आवेदन में उल्लेख किया है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटरा में अनुसूचित जनजाति के अधिकांश बच्चे पढ़ते हैं। विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति भी अच्छी रहती है। प्रतिदिन 100 से अधिक बच्चे स्कूल पहुंचते हैं। ऐसे में उत्क्रमित मध्य विद्यालय लरकोरिया में विलय करने से एक तरफ जहां बच्चों को दो किलोमीटर अधिक दूरी तय करना पड़ेगा। वहीं आवागमन में भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया है कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रहती है। 10-15 बच्चे ही विद्यालय में उपस्थित रहते हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त से इस मामले में पुनर्विचार करते हुए उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटरा का विलय रोकने की मांग की। आवेदन देने वालों में कटरा पंचायत की मुखिया अनी मा देवी, अरविंद सिंह, राज कुमार कोरवा, देव नारायण कोरवा, नरेश कोरवा, विनोद सिंह, सूर्यदेव सिंह, संजय कोरवा, बिहारी सिंह, हीरा सिंह, मोहरमाणी देवी, कोपली देवी, प्रेमी देवी, कमला देवी, रामेश्वर देवार, देवव्रत सिंह, भूषण सिंह, लक्ष्मण सिंह आदि शामिल हैं।
उपायुक्त से मिलने पहुंचे कटरा के ग्रामीण।