- Hindi News
- National
- जेल से छूट कर आए हत्यारोपियों ने गवाह बने मृतक के भाई को गोली मार किया घायल
जेल से छूट कर आए हत्यारोपियों ने गवाह बने मृतक के भाई को गोली मार किया घायल
मंगलवार की रात साढ़े आठ बजे रंका बाजार से चिनियां थाना क्षेत्र के सिगसिगा कला गांव स्थित अपने घर लौट रहे अशर्फी यादव के पुत्र पारस यादव को गांव के ही दो लोगों ने सिकियाही नाला के पास गोली मारकर घायल कर दिया। गोली उसके बायें हाथ में लगी है। कुछ दिनों पूर्व जेल से छूट कर आए हत्या मामले के दो आरेापियों ने ही गवाह बने मृतक के भाई को गोली मारी है। दोनों इसी गांव का रहने वाला है
घटना की जानकारी के बाद परिवार के लोगों ने घायलावस्था में पारस यादव को रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इधर घटना स्थल से पुलिस ने एक जली हुई मोटरसाइकिल और खाली खोखा व गोली बरामद किया है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पारस यादव अपने गांव के मित्र गिरिजा यादव के साथ रंका बाजार से घर लौट रहा था। तभी सिकियाही नाला के पास गांव के ही दो लोगों ने रोककर मारपीट की एवं गोली मार दी। इससे पारस यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बुधवार को पारस यादव के बयान पर रंका थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सिगसिगा कला गांव के ही रंजय यादव और चंद्रदेव यादव ने पारस यादव को गोली मारी है, मामला दर्ज कर पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है
घायल पारस यादव।
घायल युवक के भाई की 2005 में इन्हीं दोनों आरोपियों ने हत्या कर दी थी
प्राथमिकी में कहा गया है कि पुराने विवाद को लेकर गांव के बैजनाथ यादव के पुत्र रंजय यादव एवं चंद्रदेव यादव के पुत्र संजय यादव ने उसे गोली मारी है। पारस यादव ने कहा कि वर्ष 2005 में आरोपियों ने उसके भाई भृगुण यादव की हत्या की थी। इस मामले में वह गवाह है। उक्त लोग उस पर केस उठाने का दबाव बना रहे थे। लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर उक्त लोगों ने घटना को अंजाम दिया। दोनों आरोपी कुछ दिन पूर्व ही जेल से छूट कर आया है। प्राथमिकी के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद घायल को देखने के लिए अस्पताल में लगी लोगों की भीड़।
लाठी-डंडे से पीटकर एक व्यक्ति की हत्या
मामले की जांच करते थाना प्रभारी।
विशुनपुरा | सारो गांव स्थित राजेंद्र सिंह के घर के पास से विशुनपुरा पुलिस ने एक शव बरामद किया है। शव की पहचान बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के दहेड़िया गांव निवासी स्व. परमेश्वर यादव के 45 वर्षीय पुत्र बिगा यादव के रूप में हुई है। घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी करुणा शंकर दुबे ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार बिगा की हत्या लाठी-डंडे से पीटकर की गई है। उन्होंने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया गया है। हालांकि बुधवार की शाम छह बजे तक इस मामले में मृतक के परिजन द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी थी।