अक्षय तृतीया पर परशुराम महादेव मंदिर में चढ़ाई रियासतकालीन ध्वजा
अरावली की सुरम्य वादियों में विराजमान बाबा परशुराम महादेव की पूजा-अर्चना के साथ ध्वजा चढ़ाकर परशुराम जयंती मनाई गई। मंदिर महंत हरिहर पुरी गोस्वामी के सानिध्य में पुजारी कैलाशपुरी व पुरुषोत्तम पुरी ने बुधवार अलसुबह भगवान परशुराम महादेव शिवलिंग का स्वर्णाभूषण से श्रृंगार कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर बडी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
चढ़ाई रियासतकालीन ध्वजा : अक्षय तृतीया पर बाबा परशुराम जयंती मनाई गई। बुधवार सुबह परशुराम सेवा मंडल गुफा मंदिर ट्रस्ट की ओर से रियासतकालीन ध्वजा चढ़ाई गई। सुबह परशुराम महादेव शिवलिंग,प्रतिमा,फरसा व रियासतकालीन ध्वजाओं संग गुफा मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्रीराम टेकरी,श्री कृष्ण टेकरी,भील-भीलणी भाटा,बिलम घाटी तक करीब 2 किलोमीटर की परिक्रमा के बाद वापस प्रारंभ स्थल पहुंची।
जलाभिषेक किया
मंदिर महंत हरिहर पुरी गोस्वामी के सानिध्य में पुजारी कैलाशपुरी व पुरुषोत्तम पुरी ने बाबा परशुराम महादेव के प्रस्तर भू-शिवलिंग को जल स्नान करवाया। श्वेतांबर,पीतांबर,जनेऊ, स्वर्णाभूषण धारण करवाकर अभिषेक किया। चंदन, केशर, अबीर, गुलाल, पुष्पहार से स्वागत कर झांकी सजाई गई।
सादड़ी. परशुराम महादेव मंदिर में रियासतकालीन ध्वजा चढ़ाई गई।