पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आरएएस में इस बार गीता का ज्ञान

आरएएस में इस बार गीता का ज्ञान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राजस्थान के भावी आरएएस अफसर प्रशासनिक नीतियों के गूढ़ तथ्यों के साथ ही अब भगवद गीता का नीतिशास्त्र भी पढ़ेंगे। इसके साथ ही महापुरुषों एवं समाज सुधारकों के जीवन से प्राप्त शिक्षाओं की तालीम भी लेंगे। कारण, राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली आरएएस 2018 के संशोधित पाठयक्रम में ये सामग्री शामिल की गई हैं।

आयोग द्वारा ली जाने वाली आरएएस 2018 कुछ मायनों में नई होगी। सबसे पहली नई बात यही है कि मुख्य परीक्षा के पाठयक्रम में इस बार प्रशासन की नीति शास्त्र का भाग जोड़ा गया है। इस भाग में ही अभ्यर्थी को अब भगवद् गीता का नीति शास्त्र एवं प्रशासन में इसकी भूमिका का अध्ययन करना होगा। गांधी जी का नीति शास्त्र भी अभ्यर्थी पढ़ेंगे। आयोग ने आरएएस मुख्य परीक्षा के प्रश्न पत्र द्वितीय सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन की इकाई ।- में प्रशासकीय नीतिशास्त्र के तहत इनका समावेश किया है। इसमें जो बिंदु अध्ययन के लिए शामिल किए गए हैं।

विषयवार ये ब्योरा किया शामिल

नीतिशास्त्र एवं मानवीय मूल्य | महापुरुषों, समाज सुधारकों तथा प्रशासकों के जीवन से प्राप्त शिक्षा। परिवार, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं का मानवीय मूल्यों के पोषण में योगदान। नैतिक समप्रत्यय | ऋत एवं ऋण, कर्तव्य की अवधारणा, शुभ एवं सद्गुण। निजी एवं सार्वजनिक संबंधों में नीतिशास्त्र की भूमिका | प्रशासकों का आचरण, मूल एवं राजनैतिक अभिवृत्ति - सत्यनिष्ठा का दार्शनिक आधार। भगवद् गीता का नीतिशास्त्र एवं प्रशासन में इसकी भूमिका। गांधी का नीतिशास्त्र। भारतीय एवं विश्व के नैतिक चिंतकों एवं दार्शनिकों का योगदान। तनाव प्रबंधन। उपरोक्त विषयों पर आधारित केस अध्ययन। संवेगात्मक बुद्धि-अवधारणाएं एवं उनकी उपयोगिताएं।

अन्य इकाइयों में ये किए गए हैं शामिल

मुख्य परीक्षा के द्वितीय पेपर में दो और इकाई भी शामिल की गई हैं। इनमें इकाई द्वितीय है सामान्य विज्ञान एवं तकनीकी के नाम से होगा। इसमें नैनो तकनीक समेत विभिन्न वैज्ञानिक तकनीकों के बारे में अध्ययन करना होगा। भारत के दूरसंचार के क्षेत्र में आधारभूत संकल्पना, आमजन के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए दूरसंचार का अनुप्रयोग, भारतीय दूरसंचार उद्योग का संक्षिप्त इतिहास, भारतीय दूरसंचार नीति तथा टेलीकॉम रेग्यूलेटरी अथॉरटी आफ इंडिया। विद्युत चुम्बकीय तरंगें, संचार व्यवस्था, कम्प्यूटर के आधारभूत तत्व, प्रशासन में सूचना तकनीकी, ई-गवर्नेंस, ई-वाणिज्य (ई-कॉमर्स) का उपयोग और रक्षा- भारतीय मिसाइल कार्यक्रम के संदर्भ में मिसाइल के प्रकार, विभिन्न रासायनिक और जैविक हथियार, विभिन्न क्षेत्रों (हथियार के अतिरिक्त) में भूमिका के बारे में भी अध्ययन करेंगे।

खबरें और भी हैं...