मारवाड़ में चार माह बाद शुरू हुआ अंडरब्रिज का कार्य
भास्कर न्यूज | मारवाड़ जंक्शन
कस्बे में शनिवार से अंडरब्रिज कार्य एक बार फिर शुरू किया गया है। पिछले चार माह से बंद पड़े इस कार्य को लेकर भास्कर द्वारा 6 अप्रैल, 2018 के अंक में मारवाड़ जंक्शन में चार माह से बंद पड़ा अंडरब्रिज का निर्माण कार्य, हर आधे घंटे में लग जाता है लंबा जाम नामक खबर प्रकाशित करने के बाद अब प्रशासन व रेलवे ने बातचीत कर के इस निर्माण कार्य को पुनः शुरू किया गया है। यहां शनिवार को रेलवे के इंजीनियर के.पी चौहान व कार्य इंजीनियर मोहित जैन की अगुवाई में जेसीबी से अंडरब्रिज के बीच आने वाले बाड़े एवं दीवारों को तोड़ने का कार्य शुरू किया गया। रेलवे के इंजीनियर के पी चौहान ने बताया कि दो दिन में यह रास्ता बनाकर पुनः अंडरब्रिज का कार्य शुरू किया जाएगा व स्थानीय प्रशासन के साथ मिल जल्दी ही अंडरब्रिज का काम पूरा कर रास्ता बनाया जाएगा, जिससे आमजन को राहत मिल सके। इसी क्रम में शनिवार सुबह से ही अंडरब्रिज के राह में आने वाले बाड़े व प्लाट के साथ चारदीवारी को गिराया गया। यह कार्य रविवार को भी जारी रहेगा।
कलेक्टर ने भी मामले को लेकर दिखाई तत्परता, बैठक कर दिए निर्देश
चार माह से बंद पड़े अंडरब्रिज के कार्य को लेकर कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने उपखंड अधिकारी गौमती शर्मा के साथ बैठक ली। हालांकि इस बैठक में रेलवे के अधिकारी नहीं पहुंचे। परंतु कलेक्टर ने इस मामले में जल्दी कार्य पूरा करने के भी निर्देश दिए। साथ ही कार्य को लेकर एसडीएम भी तत्पर नजर आ रही है। उन्होंने रेलवे के अधिकारियों से वार्ता कर कार्य जल्दी पूरा करने की बात कही।
अच्छी खबर
कलेक्टर की बैठक के बाद शुरू हुआ कार्य, जेसीबी से अंडरब्रिज के बीच आने वाले बाड़े व दीवारों को तोड़ा
मारवाड़ जंक्शन. कस्बे में शुरू हुआ बंद पड़ा अंडरब्रिज का कार्य।
भास्कर में 6 अप्रैल को प्रकाशित
ग्रामीणों ने भास्कर के प्रयासों को सराहा
भास्कर द्वारा जनता की इस मुख्य समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करने के बाद हरकत में आए प्रशासन एवं रेलवे प्रशासन ने अंडरब्रिज का कार्य पुनः शुरू किया। इसको लेकर जनप्रतिनिधि लक्ष्मणदास सांवलानी,साईं दर्शन सेवा संस्थान के अध्यक्ष देवेंद्रसिंह मीणा,कांग्रेस के जिला सचिव नगेंद्रसिंह गुर्जर, भाजपा मंडल महामंत्री सुरेश भेरवानी ने भास्कर के कार्य की सराहना की।