आईपीएल मैच के दौरान 15 से ज्यादा मोबाइल चोरी, 5 हिरासत में
जयपुर | सवाई मानसिंह स्टेडियम में बुधवार को हुए राजस्थान रॉयल्स व दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच आईपीएल मैच के दौरान 15 से ज्यादा लोगों के स्मार्ट मोबाइल फोन पार हो गए। बदमाशों ने चौपहिया व दुपहिया वाहनों की डिक्की के लॉक खोलकर मोबाइल निकाले। जबकि कुछ दर्शकों के जेब से मोबाइल पार हुए। इस संबंध में अभी तक कृष्णा नगर लालकोठी निवासी अरविंद और गांधीनगर निवासी अभय ने ज्योतिनगर थाने में रिपोर्ट दी है। मैच के दौरान मोबाइल पार हाेने की घटना के बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर सिंधीकैंप पुलिस ने सिंधी कैंप स्थित एक होटल में मुखबिर की सूचना पर सर्च अभियान चलाया। जहां पुलिस ने संदिग्धता के आधार पर 5 जनों को हिरासत में ले लिया। माना जा रहा है कि सभी अलीगढ़ मोबाइल चोर गैंग के बदमाश हैं। सिंधीकैंप पुलिस ने इन युवकों को ज्योतिनगर पुलिस को सौंप दिया है।