शौचालय निर्माण का बकाया 400 करोड़ रुपए का भुगतान एक सप्ताह में होगा
पॉलिटिकल रिपोर्टर.जयपुर | ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री राजेंद्र राठौड़ ने बुधवार को दो बड़ी घोषणाएं की। शौचालयों के निर्माण के बकाया राशि में से 400 करोड़ रुपए का भुगतान अगले एक सप्ताह में करने का विश्वास दिलाया। वहीं, 3300 स्मार्ट विलेज में जनप्रतिनिधियों के सहयोग से सामुदायिक शौचालयों के निर्माण का आह्वान किया। ग्राम स्वराज के तहत रवींद्र मंच पर बुधवार को आयोजित राज्य स्तरीय उत्कृष्टता पुरस्कार वितरण समारोह में राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण विकास पर 12 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जो पिछले चार साल को मिला 60 हजार करोड़ रुपए हो जाएंगे।
समारोह में जिला परिषद सीकर को ग्रामीण क्षेत्र के विकास में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए 25 लाख, चूरू जिला परिषद को 15 लाख और उदयपुर जिला परिषद को 10 लाख रुपए का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
161 पंचायतीराज संस्थाओं का सम्मान : ग्रामीण विकास मंत्री राजेन्द्र राठौड़ व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने प्रदेश की 161 पंचायतीराज संस्थाओं को सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सात जिलों की 21 पंचायत समितियां और 99 पंचायतों को चैक देकर सम्मानित किया गया।