कांस्टेबल भर्ती में पूर्व में आवेदन कर चुके 16 लाख आवेदकों को नई भर्ती में फिर से आवेदन करना होगा। नए आवेदन करते समय संबंधित कॉलम में रजिस्ट्रेशन नंबर भरने पर अभ्यर्थी से परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। लेकिन जिन लोगों का आवेदन निरस्त हो चुका है उन्हें फिर फीस देनी पड़ेगी। गौरतलब है कि पुलिस मुख्यालय ने पूर्व में जारी की गई साढ़े पांच हजार पदों की भर्ती को शुक्रवार को निरस्त कर दिया। इन साढ़े पांच हजार पद व हाल ही में स्वीकृत हुए 8412 पदों को मिलाकर कुल 13912 पदों के लिए नई भर्ती निकाली जाएगी। माना जा रहा है कि जुलाई के दूसरे सप्ताह में आयोजित होगी।
कार्मिक विभाग ने 17 मई को कांस्टेबल भर्ती के नियमों में संशोधन की अधिसूचना जारी कर पुलिस मुख्यालय को भेजा था। अधिसूचना जारी होने के बाद पीएचक्यू ने भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी। उल्लेखनीय है कि 7 मार्च से पहली बार कांस्टेबल भर्ती की ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी, लेकिन परीक्षा में हाइटेक नकल के कई मामले सामने आए, तीन दिन में ही तीस से ज्यादा गिरफ्तारियां हुईं, ऐसे में यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी।
3 बदलावों के साथ होगी परीक्षा
1. पहले साढ़े पांच हजार पदों पर भर्ती होनी थी, अब 13,912 पदों पर होगी।
2. पहले परीक्षा ऑनलाइन होनी थी। अब यह परीक्षा ऑफलाइन होगी।
3. पहले उम्र सीमा 23 साल थी, अब कार्मिक विभाग के संशोधन के बाद इसे 27 साल कर दिया गया है।