शारीरिक शिक्षकों का तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर शुरू
मारवाड़ जंक्शन| कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में मारवाड़ जंक्शन ब्लाक के शारीरिक शिक्षकों का तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हुआ। आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डा. दुर्जनसिंह ने बताया कि आगामी 21 जून को विश्व योग दिवस पर समस्त ग्राम पंचायत मुख्यालयों सहित उपखंड स्तर पर आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए ब्लाक के शारीरिक शिक्षकों को दक्ष प्रशिक्षक के रुप में तैयार किया जा रहा है। इस योग शिविर में वरिष्ठ शारीरिक शिक्षक गणपतसिंह निंबली मांडा, नंदू कुमारी,मदनलाल द्वारा अनुलोम-विलोम, कपाल भाति, भस्त्रिका, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन,प्राणायाम,नाडी शोधन आदि योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया। शिविर में शारीरिक शिक्षक नंदकिशोर चौहान, नरेश चौहान, जयप्रकाश चौहान, गोविंदसिंह, गणपतलाल, रतनसिंह, भंवरलाल राव, सुमेरसिंह, किशनसिंह, मुकेश त्रिवेदी आदि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।