जापानी फिल्म शॉपलिफ्टर सर्वश्रेष्ठ फिल्म, इटली के मार्सेलो बेस्ट एक्टर और कजाकिस्तान की समाल बेस्ट एक्ट्रेस बनीं
अजित राय | फ्रांस के 71 वें कान फिल्म समारोह से
फ्रांस में 71 वें कान फिल्म समारोह में जापान के कोरे इडा हिरोकाजु की फिल्म ‘शॉपलिफ्टर’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार ‘पाम डि ओर’ जीत लिया है। जूरी अध्यक्ष केट ब्लांशेट ने पुरस्कारों की घोषणा की। फिल्म ‘इमेज बुक’ के लिए विश्व सिनेमा के मास्टर फ्रेंच फिल्मकार ज्यां लुक गोदार को ‘स्पेशल पॉम डि ओर’ पुरस्कार मिला है। कान समारोह के इतिहास मे पहली बार किसी फिल्मकार को यह सम्मान मिला है। पोलैंड के पावेल पावलिकोस्की की फिल्म ‘कोल्ड वार’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और अमेरिकी फिल्मकार स्पाइक ली की ‘ब्लैक क्लांस मैन’ को ग्रैंड प्रिक्स पुरस्कार मिला। लेबनान की फिल्मकार नदाइन लबाकी की ‘कफरनौम’ को जूरी प्राइज दिया गया। इटली के मार्सेलो फोंटे ‘डॉगमैन’ के लिए बेस्ट एक्टर चुने गए। बेस्ट एक्ट्रेस कजाकिस्तान की समाल येस्लयामोवा रूसी फिल्म ‘अयका’ के लिए चुनी गईं। सर्वश्रेष्ठ स्क्रिप्ट राइटर संयुक्त रूप से ईरान के जफर पनाही-नादेर सयेइवार (थ्री फेसेज) और इटली की एलिस रोह्वाचर (हैप्पी एज लाजारो) चुने गए। अन सर्टेन रिगार्ड खंड में ईरान मूल के स्वीडन के फिल्मकार अली अब्बासी की फिल्म ‘बॉर्डर’ को मिला। युवा फिल्मकार की पहली फीचर फिल्म का पुरस्कार कैमरा डि ओर बेल्जियम के लुकास धोंट की फिल्म ‘गर्ल’ को दिया गया। चार्ल्स विलियम की फिल्म ‘ऑल दीज क्रियेचर्स’ को शार्ट फिल्म का पॉम डि ओर पुरस्कार मिला।
कान समारोह के इतिहास में ‘स्पेशल पॉम डि ओर\\\' सम्मान पाने वाले पहले फिल्मकार बने ज्यां लुक गोदार
ओशो पर फिल्म बनाएंगे सुभाष घई, इटली के लक्षेन डायरेक्ट करेंगे
फिल्मकार सुभाष घई इटली के सहयोग से आचार्य रजनीश (ओशो) के जीवन पर फिल्म बनाएंगे। कान फिल्म समारोह मे भारतीय पैवेलियन ने यह घोषणा की है। इसपर घई ने बताया कि उनकी कंपनी मुक्ता आर्ट्स इटेलियन कंपनी नवाला प्रोडक्शन के साथ यह फिल्म बनाएगी। घई के मुताबिक- पहले इसका नाम ‘लार्ड ऑफ द फुल मून’ रखने का विचार था, पर अब इसका नाम- ‘ओशो, अदर साइड ऑफ ओशन’ होगा। दो साल बाद 73 वें कान फिल्म समारोह में इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर होगा। इसे इटली के लक्षेन सुकामेली डायरेक्ट करेंगे। सुकामेली ने 10 साल की रिसर्च के बाद इस फिल्म की स्क्रिप्ट तैयार की है। घई ने बताया कि नेटफ्लिक्स ने ओशो को बदनाम करने के लिए अभी हाल ही में एक सीरियल शुरू किया है। इस साजिश का जवाब देने के लिए हम फिल्म बना रहे हैं।