पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • राजस्थान बोर्ड ने जारी की 2017 के टॉपर्स की सूची, 24 मई को दीक्षांत में सम्मानित होंगे टॉपर्स

राजस्थान बोर्ड ने जारी की 2017 के टॉपर्स की सूची, 24 मई को दीक्षांत में सम्मानित होंगे टॉपर्स

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
एजुकेशन रिपोर्टर . अजमेर | राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने अखिरकार शुक्रवार को वर्ष 2017 के दसवीं आैर बारहवीं बोर्ड की परीक्षाओं में टॉपर्स की सूची एक साल बाद जारी कर दी। पिछले वर्ष दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में राज्यभर में सबसे ज्यादा अंक सवाई माधोपुर के मानटाउन की विद्या भारती माध्यमिक विद्यालय की अर्चना मीणा ने प्राप्त किए हैं। इसी तरह बारहवीं विज्ञान वर्ग में सवाई माधोपुर के डीएसएस एकेडमी सीनियर सैकंडरी स्कूल के राजीव सिंह नरूका, कला वर्ग में बूंदी के लक्ष्यद्वीप सीनियर सैकंडरी स्कूल की एंजिलीना नापाल आैर वाणिज्य वर्ग में जयपुर की केएमडी पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा कृति वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्यभर में अपना नाम रोशन किया है। टॉपर्स की इस सूची का बोर्ड के 19 लाख विद्यार्थियों को विगत एक वर्ष से इंतजार था। पिछले दिनों भास्कर ने “”19 लाख विद्यार्थियों को टॉपर्स का इंतजार’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद बोर्ड हरकत में आया आैर यह सूची जारी कर दी। बोर्ड के टॉपर्स की इस सूची में करीब 90 फीसदी बच्चे प्राइवेट विद्यालयों से हैं, यही नहीं शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी के गृह जिला अजमेर से तो राज्यभर के टॉपर्स में सिर्फ माध्यमिक व्यवसायिक परीक्षा में नसीराबाद की एक छात्रा द्वितीय स्थान पर रही है।

प्रवेशिका, वरिष्ठ उपाध्याय आैर माध्यमिक व्यवसायिक परीक्षा में यह हैं टॉपर्स

वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में बांसवाड़ा के गनाेड़ा स्थित राजकीय श्रीईएलएन वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के ललित पाटीदार ने राज्य में सर्वाधिक अंक अर्जित किए हैं। इसी तरह प्रवेशिका परीक्षा में सवाई माधोपुर की भानवरा स्थित राजकीय प्रवेशिका संस्कृत विद्यालय की ज्योति प्रजापत आैर माध्यमिक व्यवसायिक परीक्षा में झालावाड़ जिले के चोहमेहला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र अश्विन गुप्ता ने सबसे ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं। दसवीं, बारहवीं, प्रवेशिका, व्यवसायिक परीक्षा आैर वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा के टॉपर्स को बोर्ड की आेर से 24 मई को आयोजित दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया जाएगा। जबकि द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाले विद्यार्थियों को रजत पदक से नवाजा जाएगा।

यह रहे द्वितीय व तृतीय स्थान पर

दसवीं कक्षा : दसवीं में द्वितीय स्थान पर अलवर जिले के राजगढ़ स्थित श्लोम अंग्रेजी माध्यमिक विद्यालय की विजेता मीणा रहे। वहीं तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से चूरू के तारानगर स्थित श्री बीसी सरावगी आदर्श विद्या मंदिर की ममता शर्मा आैर बारां जिला स्थित छबड़ा के हैप्पी चिल्ड्रन स्कूल की छात्रा मुस्कान शर्मा रहीं।

बारहवीं कक्षा विज्ञान वर्ग : बारहवीं कक्षा विज्ञान वर्ग में द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से बांसवाड़ा जिले के गढ़ी स्थित पायोनियर सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा अंजलि जोशी, डूंगरपुर जिला के सागवाड़ा स्थित स्प्रिंगडेल्स सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा युक्ता जोशी, जयपुर स्थित हिंगोनिया के सुप्रीम बाल भारती सीनियर सैकंडरी स्कूल की प्रियंका कुमावत आैर सीकर के ज्योतिनगर स्थित नवजीवन शिक्षण संस्थान के अरूण प्रसाद द्वितीय स्थान पर रहे। इसी तरह तृतीय स्थान पर भरतपुर के कृपाल सीनियर सैकंडरी स्कूल के अमित कुमार, सीकर के नवजीवन शिक्षण संस्थान के मनोज कुमार आैर सीकर सबलपुर के एसबीएस मेमोरियल के सुमित अजमेरा ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।

बारहवीं कक्षा वाणिज्य वर्ग : बारहवीं कक्षा वाणिज्य वर्ग में द्वितीय स्थान पर जयपुर के यश विद्या मंदिर सीनियर सैकंडरी स्कूल के गौरव भोजवानी आैर तृतीय स्थान पर जयपुर के बरकत नगर स्थित केएमडी पब्लिक सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा सोनम शर्मा रहीं।

बारहवीं कक्षा कला वर्ग : बारहवीं कला वर्ग में द्वितीय स्थान पर बांसवाड़ा जिले के लोहाड़िया स्थित राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल की साक्षी जैन आैर तृतीय स्थान पर संयुक्त रूप से जयपुर के केडीएम पब्लिक स्कूल के देशराज मीणा आैर जयपुर मनोहरपुरा के श्रीकृष्ण विद्या मंदिर सीनियर सैकंडरी स्कूल के सचिन यादव रहे।

प्रवेशिका परीक्षा : प्रवेशिका परीक्षा में द्वितीय स्थान पर अलवर जिला के कोटकासिम स्थित राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय की छात्रा निकिता आैर तृतीय स्थान पर नागौर जिला के जसवंतगढ़ स्थित श्रीएसएमटी वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के हर्षित डुंखवाल रहे।

वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा : वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा में द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से बांसवाड़ा के गनोड़ा स्थित राजकीय श्रीईएलएन वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय की निशि कुमारी पांडया आैर जयपुर के बिलोंची स्थित एमएमएसएजी राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के अभिजीत सिंह रहे। जबकि बांसवाड़ा गनोड़ा के श्रीईएलएन वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के महेश चंद्र पाटीदार तृतीय स्थान पर रहे।

माध्यमिक व्यवसायिक परीक्षा : माध्यमिक व्यवसायिक परीक्षा में नसीराबाद स्थित राजकीय गर्ल्स सीनियर सैकंडरी स्कूल की छात्रा वैशाली गुर्जर द्वितीय स्थान पर रहीं, वहीं झालावाड़ जिले के डग स्थित राजकीय सीनियर सैकंडरी स्कूल चैहुमंहला के नितेश राठौड़ तृतीय स्थान पर रहे।

खबरें और भी हैं...