रमजान में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन बंद
भास्कर न्यूज | नई दिल्ली/श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती की मांग मानकर केंद्र सरकार ने रमजान के दौरान राज्य में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन बंद कर दिए हैं। गृह मंत्रालय ने बुधवार को सुरक्षा बलों को निर्देश दिया कि रमजान में कोई नया ऑपरेशन शुरू ना किया जाए। हालांकि, घाटी के लोगों की सुरक्षा और खुद पर हुए हमलों का जवाब देने के लिए सुरक्षा बलों को कोई भी कार्रवाई करने की छूट रहेगी। उल्लेखनीय है कि महबूबा ने 9 मई को एक सर्वदलीय बैठक के बाद केंद्र के पास रमजान के दौरान संघर्ष विराम का प्रस्ताव भेजा था।
उधर, पीएम मोदी की जम्मू-कश्मीर यात्रा से पहले सीमा सुरक्षा बल ने बड़ी आतंकी घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी है। बुधवार को सांबा जिले की सीमा पर पाक आतंकियों ने घुसपैठ की कोशिश की थी।