कस्बे कस्बे में सात मई की सुबह पेट्रोल पंप के मुनीम व उसके पुत्र की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर नकदी लूटने के आरोपी 11 दिन बाद श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव गुसाईसर के पास गुरुवार देर रात गिरफ्तार हुए। गुसाईसर के पास नाकाबंदी के दौरान सरदारशहर एसएचओ पुष्पेंद्र झाझड़िया व आरोपियों का पीछा कर रहे बीदासर एसएचओ व उनकी टीम ने बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ की तरफ आ रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एसपी राहुल बारहट के अनुसार उक्त लूट के बाद सुजानगढ़ एएसपी सतनामसिंह व डीएसपी सुखविंद्रपालसिंह के निर्देशन मे कई टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश मे लगाई थी। बीदासर थानाधिकारी ईश्वरानंद शर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने आरोपियों को नामजद कर उनका लगातार 11 दिनो तक पीछा किया। पुलिस ने लक्ष्मणगढ़, सीकर, जयपुर, अहमदाबाद, सुरत, मुंबई, बडोदरा, मोरवी, जैसलमेर, पोकरण, फलौदी व बीकानेर सहित कई शहरो मे लगातार पीछा कर आरोपियों के सुराग जुटाए।
गुरुवार रात बाइक पर बीकानेर से श्रीडूंगरगढ़ की तरफ आते हुए गांव गुसाईसर के पास सरदारशहर एसएचओ पुष्पेंद्र झाझडिय़ा मय टीम ने आगे नाकाबंदी कर और बीदासर एसएचओ ईश्वरानंद के नेतृत्व में पीछा कर रही टीम ने बीदासर के वार्ड 25 निवासी महेंद्र जाट व जोगलिया निवासी नरेश उर्फ नरिया को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। सुजानगढ़ एएसपी ने बताया कि आरोपी महेंद्र जाट व नरेश उर्फ नरिया 11 दिनो से पुलिस को छकाते हुए एक शहर से दूसरे शहर भागते रहे और लगातार अपना ठिकाना बदलते रहे। पर पुलिस ने भी लगातार आरोपियों का पीछा किया और उनको गिरफ्तार किया।
वारदात से पहले रैकी, पंप खुलने का समय भी पूछा
लूट की घटना से पहले दोनों आरोपियों ने 6 मई कोे रैकी करने के साथ ही शाम को नए बस स्टैंड स्थित एक किराना दुकान से मिर्ची का पाउडर खरीदा था। रात को कुछ साथियों के साथ शराब पी व मिठाई की दुकान से दो खाली थैले भी लिए। दूसरे दिन सात मई की सुबह वारदात करने से पहले पंप के एक कर्मचारी से पंप खुलने का समय भी पूछा। मुनीम व उसके बेटे की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर रुपए लूटने के बाद आरोपी बाइक से जोगलिया की तरफ चले गए। इसके बाद बाइक को एक खेत मे पटक कर दूसरी बाइक से मुकंदगढ़ पहुंच गए। वहां से स्लीपर बसों में एक स्थान से दूसरे स्थान भागते रहे। आरोपियों ने बीकानेर पहुंचने के बाद एक पुरानी बाइक खरीदकर गुरुवार रात रवाना हुए, तो श्रीडूंगरगढ़ रोड पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
कोर्ट में बापर्दा किया पेश
बीदासर एसएचओ शर्मा ने बताया कि गुरुवार रात गिरफ्तार किए गए लूट के आरोपियों को शुक्रवार को सुजानगढ़ कोर्ट में बापर्दा पेश किया गया, जहां से उन्हें शिनाख्त परेड के लिए रतनगढ़ जेल भेजने के आदेश दिए गए। एसएचओ शर्मा ने बताया कि शिनाख्त परेड होने के बाद आरोपियों को रिमांड पर लेकर लूटी गई नकदी की बरामदगी की कार्रवाई की जाएगी।
यह था पूरा मामला
एचपी पेट्रोल पंप के मुनीम जगदीश तिवारी सात मई की सुबह रुपए से भरे दो बैग लेकर अपने पुत्र महेंद्र तिवारी के साथ बाइक पर सवार होकर घर से पेट्रोल पंप से रवाना हुआ था। घर से निकलते ही कुछ ही दूर जाने के बाद पीछे से आ रही बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवकों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल कर रुपए से भरा बैग छीन कर ले गए। बीदासर थाने में मामला दर्ज हुआ।