बबनपुर में गेहूं की खड़ी फसल जली
रतिया | बबनपुर में बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लगने से मंगलवार को किसान हाकम सिंह की दो एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जल गई। आगजनी की सूचना मिलने पर ग्रामीण व दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। यदि समय पर आग पर काबू न पाया जाता तो आसपास गेहूं की खड़ी सैकड़ों एकड़ फसल जल सकती थी। किसान हाकम सिंह ने बताया कि उसने गांव के एक जमींदार से जमीन ठेके पर ली थी। खेत के बीच से हाई वोल्टेज की लाइनें गुजरती हैं। सुबह अचानक सर्किट के कारण फसल में आग लग गई। देखते ही देखते दो एकड़ फसल जल गई। सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि लखविंदर सिंह मौके पर पहुंचे। उसने घटना की जानकारी दमकल केंद्र व पुलिस को दी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने पीड़ित किसान की आर्थिक मदद करने की मांग की है।