रतिया | सिंचाई विभाग द्वारा रतिया की नहरों में शनिवार शाम 4 बजे बलियावाला हेड से पानी छोड़ा जाएगा। पानी सिंचाई व पीने के लिए छोड़ा जाना है। पिछले एक महीने से रतिया क्षेत्र की नहरें नहरबंदी के चलते बंद पड़ी हैं, जिससे क्षेत्र के गांवों में पेयजल संकट गहराया हुआ है। पिछली 10 अप्रैल को नहरों में पानी की बंदी हुई थी। बंदी के कारण कई गांवों के लोगों को पंजाब व आसपास के क्षेत्रों से पानी के टैंक खरीदकर काम चलाया जा रहा है। नहर में पानी आने से लोगों को राहत मिलेगी। सिंचाई विभाग के एक्सईएन धूप सिंह ने कहा कि नई रोटेशन के अनुसार रतिया की नहरों में बलियावाला व कुंदनी हेड से शनिवार शाम 4 बजे पानी छोड़ा जाएगा।