पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • रतिया में नगरपालिका कर्मचारियों ने गेट पर जड़ा ताला

रतिया में नगरपालिका कर्मचारियों ने गेट पर जड़ा ताला

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मांगों को लेकर मंगलवार को नगरपालिका कर्मचारी संघ ने मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। कर्मचारियों के समर्थन के लिए विधायक रविंद्र बलियाला उनके बीच पहुंचे। विधायक ने कर्मचारियों को समर्थन देते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर विधानसभा में मुद्दा उठाएंगे। नगरपालिका के सफाई कर्मचारी व दमकल कर्मी पिछले सप्ताह से मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।

विधायक रविंद्र बलियाला ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगें माननी चाहिए। भाजपा सरकार आए दिन नई नई नीतियां लागू कर रही है, जिससे आम आदमी दु:खी है। आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा को चलता कर देगी। वहीं दूसरी ओर आरएमपीआई, आॅल हरियाणा पावर कारपोरेशन, आंगनबाड़ी वर्कर व अन्य कर्मचारी संगठनों ने भी हड़ताली कर्मचारियों का समर्थन किया। देहाती मजदूर सभा के प्रदेश महासचिव तजिंद्र थिंद, आल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के खंड प्रधान मलकीत सिंह, पूर्व सरपंच सुखचैन सिंह ने कहा कर्मचारियों की मांगों पर सरकार कोई गौर नहीं कर रही। इस मौके पर दमकल कर्मी यूनियन के प्रधान रघुबीर सिंह, नपा सफाई कर्मचारी संघ की प्रधान संतरो देवी, भूप सिंह बिढ़लान ने भी संबोधित किया।

रतिया। नगर पालिका के गेट पर तालाबंदी कर रोष जताते नगर पालिका कर्मचारी।

एसई की खामोशी बढ़ा रही है बिजली कर्मियों में रोष

एएफएम को बहाल करने की मांग एचएसईबी के कर्मचारियों का धरना

फतेहाबाद | पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे एचएसईबी के कर्मचारियों का धरना मंगलवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गया। कर्मचारियों ने एसई की खामोशी पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी यह खामोशी कर्मचारियों को उकसा रही है। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के सर्कल सचिव फूल कुमार कुंडू ने कहा कि अधीक्षक अभियंता अपने तानाशाही आदेशों को निरस्त नहीं कर रहे हैं इससे कर्मचारियों का गुस्सा बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि एएफएम प्रीतम सिंह पर भी तानाशाही तरीके से कार्रवाई की गई जो बर्दाश्त से बाहर है। धरने पर मुख्य रूप से राज्य कार्यकारिणी के उपमहासचिव जसवंत सिंह व पूर्व सर्कल सचिव विकास बरवाला ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता यह धरना जारी रहेगा और अधीक्षक अभियंता को झुकना ही पड़ेगा अन्यथा कर्मचारियों की यह आवाज पूरे हरियाणा तक गूंज उठेगी। इस दौरान एमसीसी कृष्ण बिश्नोई, जसवंत सिंह आदि कर्मचारी नेताओं ने सं‍बोधित किया। धरने में नरेश कुमार, सुरेश कुमार, कंवलजीत, मनीराम, देवेंद्र सिंह, सुभाष, गुरप्रीत, पवन, रोशन, हनुमान आदि मौजूद थे।

बिजली कर्मियों ने भी दिया आंदोलन को समर्थन

फतेहाबाद | अपनी मांगों को लेकर नगरपरिषद के सफाई कर्मचारी, फायर ब्रिगेड व आॅफिस कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ अपनी हड़ताल को सातवें दिन भी जारी रखा। नगरपालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जताया। धरने की अध्यक्षता प्रधान ओमप्रकाश लोट ने की व संचालन सचिव राजाराम टाक ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली, नगरपालिका कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान पूनमचंद रत्ती, जिला प्रधान सतबीर सहारण ने कर्मचारी संगठनों द्वारा आंदोलन को दिए जा रहे समर्थन के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर सफाई दरोगा ईश्वर दत्त, सुरेन्द्र, ब्रह्मपाल, जगदीश आदि मौजूद रहे।

वहीं सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल के तहत मंगलवार शाम को शहर में प्रदर्शन किया। सफाई कर्मचारी व दमकल कर्मचारी पिछले सात दिन से हड़ताल पर हैं। जिसके चलते शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप है। सड़कों पर जगह-जगह कचरा पड़ा हुआ है। दुकानदार सुबह कूड़े को एकत्र कर उसमें आग लगाने को मजबूर हैं।

बिजली कर्मियों ने शहर में मशाल जुलूस निकाला

कच्चे कर्मचारियों की मांगों को लेकर ऑल हरियाणा पॉवर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन की केन्द्रीय कमेटी के आह्वान पर बिजली कर्मचारियों ने मंगलवार शाम को शहर में मशाल जुलूस निकाला। यह मशाल जुलूस 33केवी बिजली घर से शुरू होकर लालबत्ती चौक होते हुए जवाहर चौक पहुंचा और कर्मचारियों ने नारेबाजी कर सरकार से चुनावों से पहले अपने वादों को पूरा करने की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता यूनियन के सर्कल सचिव भूप सिंह भड़ोलांवाली ने की व संचालन यूनिट सचिव रामनिवास शर्मा ने किया। इसके साथ-साथ यूनियन ने नगरपरिषद कर्मचारियों की हड़ताल को भी अपना समर्थन दिया और फैसला लिया गया कि अगर नगरपरिषद कर्मचारियों की समस्याओं को नहीं सुना गया तो बिजली कर्मचारी भी नगरपालिका कर्मचारियों के आंदोलन में कूदने का काम करेंगे। प्रदर्शन से पूर्व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य कैशियर अजय वशिष्ठ, केंद्रीय कमेटी नेता राजपाल बोदीवाली, यूनिट प्रधान प्रदीप यादव, यूनिट सचिव रामफल शर्मा ने संबोधित किया।

फतेहाबाद। शहर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन करते बिजली कर्मचारी।

खबरें और भी हैं...