गोली चलाने के मामले में मल्टीप्लेक्स थियेटर के बाउंसर सहित 7 नामजद
मॉडल टाउन इलाके में कबीर बस्ती के सोनू पर गोली चलाने के मामले में परिजनों के बयान पर पुलिस ने 7 लोगों को नामजद करते हुए मामला दर्ज कर दिया है। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए धरपकड़ शुरू कर दी है। वहीं इस मामले के बाद वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। इसे देखते हुए वाल्मीकि चौक में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं गंभीर रुप से घायल सोनू का हिसार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल को आईसीयू में भर्ती करवा रखा है। वहीं इस मामले के बाद कबीर बस्ती व वाल्मीकि समुदाय में आपसी दुश्मनी और भी बढ़ गई है।
छापेमारी में आरोपियों के घरों पर मिले ताले
पुलिस ने सोनू के पिता के बयान पर सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें रतिया गेट निवासी रोहित रती, पंकज उर्फ गंजा, आकाश, बलराज उर्फ गोली, संजय दांसी, विक्रम उर्फ जन्नत व एक अन्य युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छापेमारी शुरू कर दी। आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस मातुराम कॉलोनी, रतिया गेट व अन्य युवकों के घरों में पहुंची तो उक्त हमलावर मौके से फरार मिले। घरों पर ताले लटके हुए थे। इस वारदात के बाद ही घरवाले ही मौके से फरार हुए है जिससे कोई उन पर इस रंजिश के चलते हमला न कर दें। वहीं बता दें कि वाल्मीकि विक्रम उर्फ जन्नत शहर में खुले मल्टीप्लेक्स थियेटर में बाउंसर का काम करता है। वही पुरानी रंजिश के चलते वह अपने साथ लाइसेंसी पिस्तौल भी रखता है। इस मल्टीप्लेक्स थियेटर में दोनों गुटों के युवक ही बाउंसर कार्यरत हैं।
सिटी एसएचओ सुरेंद्र कंबोज ने बताया कि सात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वाल्मीकि समुदाय के लोगों ने इस मामले के बाद सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस फोर्स वाल्मीकि चौक में तैनात कर दी गई है। पुलिस की आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। जल्द आरोपी उनकी गिरफ्त में होंगे।
अभी युवक के सिर में घुसी हुई है गोली
कबीर बस्ती निवासी सोनू काे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जहां डॉक्टरों ने कई घंटे लगाकर पहली सर्जरी की है। जिसमें सोनू की हालत तो खतरे से बाहर हो गई, लेकिन अभी भी सिर के पीछे के हिस्से में गोली घुसी हुई है जो सोनू के होश में आने के बाद निकाली जाएगी। डॉक्टरों के अनुसार सोनू की हालत वैसे खतरे से बाहर है।
एक आरोपी पहले ही चल रहा है एक मामले में फरार
मातुराम कॉलोनी बलराज उर्फ सुमित उर्फ ढांगी पर दो हफ्ते पहले हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने बलराज उर्फ गोली सहित अन्य लोगों के नाम आए थे। इस मामले में गोली पहले ही फरार चल रहा है। अभी दो हफ्ते के बाद फिर से एक मामले में उसका नाम शामिल हो गया है। माना जा रहा है कि इस मामले में मुख्य आरोपी वही है। पुलिस के अनुसार उसकी शय पर ही यह सब कुछ हुआ है। क्योंकि गोली व सोनू के सदस्यों के बीच कई बार झगड़ा हो चुका है। इस मामले के बाद कबीर बस्ती व वाल्मीकि चौक के लोगों में आपसी तनातनी का माहौल है। लोगों ने भी इस संवदेनशील इलाके से गुजरना भी बंद कर दिया है।