स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जन स्वास्थ्य विभाग को कोलिफाॅर्म सैंपल फेल मामले में नोटिस भेज कर पीने की पानी की गुणवत्ता की तरफ ध्यान देने को कहा है। नोटिस में कहा है कि शहर में पीने के पानी में क्लोरीन व पानी को साफ करने के लिए अन्य दवाएं डाली जाए ताकि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा वाटर वर्कर्स के जरिये शहर में सप्लाई होने वाला पानी पीने लायक हो सके। विभाग शहर में फिर से पीने के पानी के सैंपल ने कर पानी में क्लोरीन चेक करने के साथ साथ सैंपलों को कोलिफाॅर्म टेस्ट के लिए लैब में भेजेगा। पिछले दिनों शहर में लिए गए पानी के तीन सैंपलों की कोलिफाॅर्म रिपोर्ट जांच में फेल आई थी। स्वास्थ्य विभाग ने इसी माह शहर में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा वाटर वर्कर्स से सप्लाई किए जाने वाले पानी के सैंपल लिए थे।
ये सैंपल मंडी रोड स्थित एसडीओ कार्यालय के मुख्य वाटर वर्कर्स, लाली रोड के वाटर वर्कर्स व मेन बाजार के वाटर वर्कर्स से लिए गए थे।
फिर लेंगे सैंपल : स्वास्थ्य निरीक्षक
नागरिक अस्पताल के स्वास्थ्य निरीक्षक राजेश श्योकंद ने कहा कि कोलिफाॅर्म सैंपल फेल आने के मामले में जनस्वास्थ्य विभाग को नोटिस भेजा है। विभाग को पीने के पानी की सप्लाई में दवा मिश्रण के लिए कहा है। शहर में फिर से पानी के सैंपल लेकर जांच करेंगे।