7 से 8 करोड़ रु. की जरूरत रोज, लोड 3 करोड़ ही हो रहे
एसबीआई मुख्य ब्रांच के बाहर ई-कॉर्नर पर दो एटीएम लगे हैं। एक से ही नोट निकल रहे हैं। जबकि यहां एसबीआई का रीजनल कार्यालय है।
भास्कर संवाददाता | रतलाम
एटीएम में कैश की किल्लत डेढ़ महीने बाद भी दूर नहीं हुई है। बुधवार को शहर के आधे एटीएम खाली रहे और लोगों को रुपए के लिए परेशान होना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत शादी आयोजकों को हुई और एटीएम से रुपए नहीं निकलने से उन्हें रुपए के लिए परेशान होना पड़ा।
शहर में विभिन्न बैंकों के 82 एटीएम में है और 7 से 8 करोड़ रुपए की निकासी रोज होती है। लेकिन आरबीआई से 2000 रुपए और 500 रुपए के नोट की सप्लाई नहीं होने से 100 और 200 रुपए के नोट ही एटीएम में लोड किए जा रहे हैं। एटीएम में रोज 3 करोड़ रुपए की लोड हो रहे हैं। इससे एटीएम जल्दी खाली हो रहे है और लोगों को रुपए के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
सभी दूर दिक्कत है
डेढ़ महीने में बैंकें कई बार अपने मुख्यालय को कैश उपलब्ध कराने को लिख चुकी है। अब तक उपलब्ध नहीं हो पाया है। इधर लीड बैंक मैनेजर के. के. सक्सेना ने बताया बैंकों के पास जितना कैश है वो एटीएम में लोड कर रहे हैं। बैंकों में रोजा होने वाले लेन देन की राशि भी एटीएम में लोड की जा रही है। सभी बैंकों ने मुख्यालय को लिखा है ताकि कैश उपलब्ध हो सके।
कई बैंकों के एटीएम बंद
कैश की किल्लत के चलते कई बैंकों के एटीएम बंद है। विजया बैंक, यूको बैंक, पीएनबी बैंकें शामिल हैं। मुख्यालय से कैश नहीं मिलने से इन एटीएम में नोट ही लोड नहीं हो रहे हैं और लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।