लोगों को बताएंगे ईवीएम से कैसे निकलेगी वोट डालने के बाद पर्ची
इस बार पहली बार विधानसभा चुनाव वीवीपीएटी मशीन के साथ होंगे। इसमें वोट डालने के तुरंत बाद कागज की एक पर्ची निकलेगी और पता चल जाएगा कि आपने किसे वोट दिया है। यह मशीन कैसे काम करती है यह जानकारी मतदाताओं को शिविर लगाकर दी जाएगी। जिले के 1262 मतदान केंद्रों के लिए 1640 वीवीपीटी (वोटर वेरिफायड पेपर ऑडिट ट्रायल) मशीन आएगी। हर केंद्र पर एक वीवीपीटी मशीन लगेगी और बाकी मशीनें रिजर्व रहेंगी।
ईवीएम लेने के लिए जिला निर्वाचन विभाग का दल बैंगलुरू गया है। इस बार 1890 बीयू (बेलेट यूनिट), 1580 सीयू (कंट्रोल यूनिट) मंगवाई जा रही है। दल बीयू-सीयू लेकर आ रहा है, वीवीपीटी मशीन करीब महीनेभर बाद में आएगी। बैंगलुरू से आ रही मशीनों में से 15 फीसदी मशीनों से ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। ईवीएम आने के साथ ही जिले के सभी मतदान केंद्रों की व्यवस्था चैक करने का काम शुरू हो गया है। इसमें बीएलओ से लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को लगाया गया है। सर्वे में जितने मतदाता मृत मिले हैं, जिनके पते बदल गए है और जो पते पर मिले ही नहीं उनके नाम काटने का काम अगले महीने से शुरू किया जाएगा।
नगरीय निकायों एवं पंचायतों की मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्यक्रम घोषित- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगरीय निकायों एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण- 2018 के लिए कार्यक्रम घोषित कर दिया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त आर परशुराम ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि फोटोयुक्त मतदाता सूची का नगरपालिका वार्ड और पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 30 मई को किया जाए। दावे-आपत्ति 30 मई से 8 जून तक मंगवाए जाएं। इनका निराकरण 15 जून तक किया जाए। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 2 जुलाई को किया जाएगा।
सुविधाघर और पानी की सुविधा भी मिलेगी केंद्रों पर
बीएलओ को मतदान केंद्र की जगह, निर्माण की स्थिति, शौचालय व पानी की स्थिति भी बताने के लिए कहा है ताकि चुनाव के समय कोई दिक्कत नहीं हो। केंद्र पर बिजली व सुरक्षा की व्यवस्था जांचने के लिए भी कहा है। हर मतदान केंद्र पर दिव्यांगों के लिए रैम्प भी बनाए जाएंगे। जिले के किसी भी मतदान केंद्र का रेंडमली मप्र चुनाव आयोग के सदस्य भी निरीक्षण करेंगे।
अधिकारियों-कर्मचारियों की परीक्षा भी होगी
निर्वाचन आयोग ने चुनाव से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए चुनाव आयोग के सभी नियमों को प्रश्नोत्तर के रूप में पुस्तक के रूप में प्रकाशित किया है। इस आधार पर कर्मचारी-अधिकारी की परीक्षा होगी ताकि सभी को नियमों की जानकारी रहे।
वीवीपीएटी मशीन: यह बताएगी आपने वोट किसे दिया
वीवीपीएटी मशीन वोटिंग मशीन के साथ जुड़ी एक डिवाइस है जो कि यह दर्शाती है कि मतदाता ने किसे वोट दिया है। वीवीपीएटी मशीन के तहत वोट डालने के तुरंत बाद कागज की एक पर्ची बनती है। इस पर जिस उम्मीदवार को वोट दिया गया है, उनका नाम और चुनाव चिन्ह छपा रहेगा। मतदान के दौरान ईवीएम से अटैच वीवीपीएटी मशीन की स्क्रीन पर सात सेकंड तक मतदाता को दिखाई देगा कि वोट किसे दिया। स्क्रीन के ऑफ होने पर वोटर्स की पर्ची कटकर मशीन के भीतर बॉक्स में गिर जाएगी।
किस विधानसभा क्षेत्र में कितने मतदाता
रतलाम सिटी 2,03,164
रतलाम ग्रामीण 1,88,804
सैलाना 1,83,923
जावरा 2,07,889
आलोट 1,96,679