भीषण गर्मी में सरकारी स्कूल के हाल, मैडम की बोतल से बच्चे पीते हैं पानी
गर्मी शुरू होते ही स्कूलों में भी जलसंकट गहराने लगा है। नमकीन क्लस्टर के पास स्थित करमदी के मिडिल स्कूल में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। बच्चों को घर से पानी की बोतल लाना पड़ रही है। जो बच्चे बोतल नहीं ला पाते उन्हें मैडम की बोतल से पानी पीना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग को कई बार जानकारी देने के बाद भी यही हाल हैं। मंगलवार को जो बच्चे घर से पानी की बोतल नहीं लाए थे उन्होंने मैडम शीला गरवाल, राखी राणावत और अनीता तोषनीवाल की पानी की बोतल से पानी पीया।
व्यवस्था करवाई जाएगी
प्रभारी डीईओ अमर कुमार वरधानी ने बताया इसकी जानकारी नहीं है। बच्चों की परेशानी को देखते हुए व्यवस्था कराई जाएगी।
बोतल से पानी पीते स्कूली बच्चे।
बच्चों को कराया भोजन
समूह द्वारा मध्याह्न भोजन बंद करने से करमदी के सरकारी स्कूलों को 7वें दिन भी भोजन नहीं मिला। करमदी विकास समिति ने भोजन की व्यवस्था की। समिति ने करमदी के दोनों स्कूलों एवं दोनों आंगनवाड़ियों में बच्चों को भोजन परोसा।
ये हो सकता है हल
स्कूल परिसर में नलकूप है लेकिन बिजली कनेक्शन नहीं है। नलकूप में मोटर भी नहीं है। यदि स्कूल में बिजली कनेक्शन लगाकर पानी की मोटर डाली जाए तो स्कूली बच्चों को पानी मिल सकता है।