पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • लेटलतीफी 1 अप्रैल के बाद से शहर में एक भी नया काम नहीं हुआ

लेटलतीफी 1 अप्रैल के बाद से शहर में एक भी नया काम नहीं हुआ

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नया वित्तीय वर्ष शुरू हुए 16 दिन हो गए लेकिन नगर निगम का बजट अब तक पेश नहीं हो पाया। बजट आवंटन नहीं होने से 1 अप्रैल के बाद से शहर में कोई नया काम शुरू नहीं हो पाया। अब बजट की तारीख तय होगी और फिर इसे पास कर लागू किया जाएगा। बजट के अभाव में इस महीने कोई योजना शुरू होने की उम्मीद नहीं है।

शहर विकास की कार्य योजना बजट से ही तय होती है। सालभर में क्या कार्य होंगे और कितनी राशि खर्च होगी और कहां से आएगी, इसका खाका तैयार किया जाता है। इसके बाद काम होते हैं। वित्तीय वर्ष शुरू होने के पहले बजट पेश किया जाता है ताकि नया वित्तीय वर्ष शुरू होने के साथ ही विकास कार्य चालू हो जाएं। नगर निगम का इस वित्तीय वर्ष का बजट अब तक प्रस्तुत नहीं हो पाया है। इससे कई काम रुक गए। पिछले साल 31 मार्च को ही बजट पेश हो गया था।

अब तक पेश नहीं हो पाया नगर निगम का बजट, नलकूप खनन और सड़क निर्माण के काम अटके

बजट बगैर रुक गए काम

आईसीएआई रतलाम ब्रांच के पूर्व अध्यक्ष एवं सीए प्रमोद नाहर ने बताया बजट के बगैर शहर में कोई विकास कार्य नहीं किए जा सकते हैं। इसके लिए बजट प्रस्तुत करना जरूरी है। जनप्रतिनिधियों का नैतिक दायित्व है कि वे सारे मतभेद भुलाकर बजट पेश करे ताकि शहर के विकास कार्य हो सके।

जल्द पेश होगा बजट

आयुक्त एस.के. सिंह ने बताया बजट पेश करने की तैयारी है। अध्यक्ष को इसकी तारीख तय करना है। जल्द बजट पेश किया जाएगा। अधिनियम में प्रावधान हैं कि काम किए जा सकते हैं। इससे काम हो रहे हैं।

बजट लेट होने से पक्ष-विपक्ष नाराज

बजट अब तक प्रस्तुत नहीं होने से विपक्ष और सत्ता पक्ष के पार्षद नाराज हैं। नेता प्रतिपक्ष यास्मीन शेरानी ने बताया भाजपा के जनप्रतिनिधियों की आपस की लड़ाई में शहर का विकास रुक गया है। ना तो सड़कें बन पा रही हैं और ना ही अन्य विकास काम हो पा रहे हैं। अप्रैल के 16 दिन गुजरने के बाद भी अब तक निगम का बजट पेश नहीं किया है। इस संबंध में कलेक्टर और संभागायुक्त को पत्र लिखा है। इसमें बजट अब तक पेश नहीं करने वालों को अयोग्य घोषित करने की मांग की है। भाजपा पार्षद अरुण राव ने शहर के विकास को देखते हुए जल्द बजट पेश करने की मांग की है। उन्होंने बताया लोकसभा और विधान सभा का बजट भी समय पर पेश हो जाता है लेकिन निगम के बजट में ऐसा क्या है कि इतने दिन बाद भी बजट पेश नहीं किया जा रहा है। मैं पिछले कई दिनों से मांग कर रहा हूं लेकिन अब तक बजट पेश नहीं हो पाया है। वहीं परिषद का सम्मेलन भी अक्टूबर के बाद से अब तक नहीं हुआ है।

ठहराव प्रस्ताव बनाकर भेजा हैै

महापौर डॉ. सुनीता यार्दे ने बताया एमआईसी की बैठक में ठहराव प्रस्ताव बनाकर अध्यक्ष को भेज दिया है। अध्यक्ष से 31 मार्च तक बजट पेश करने की गुजारिश की थी। ताकि बजट के बाद चर्चा हो जाए और समय पर बजट लागू हो जाए। अब तक अध्यक्ष ने बजट की तारीख का ऐलान नहीं किया।

अध्यक्ष बोले मंगलवार तक तय कर देंगे सम्मेलन की तारीख

नगर निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने बताया कुछ तकनीकी दिक्कतें हैं। मंगलवार तक बजट की तारीख तय कर देंगे। बजट लेट होने से कोई फर्क नहीं पड़ता है क्योंकि इसमें जो घोषणा होगी उसमें तेजी से काम कर पूरा कर लेंगे।

ये प्रमुख काम नहीं हो पा रहे

गर्मियों को देखते हुए हर वार्ड में एक-एक नलकूप खनन होना है। बजट में इसकी राशि पास नहीं हुई है। इससे जलसंकट के बावजूद नलकूप का खनन नहीं हो पा रहा है।

जिन इलाकों में सीवरेज की लाइन डल गई है। वहां सड़कें बनना है। अजंता टॉकीज, कस्तूरबा नगर, शक्तिनगर, आर्दश नगर, पटवारी कॉलोनी, उकाला रोड सहित 25 से ज्यादा कॉलोनियों है जहां सीवरेज लाइन डल गई है। सड़कें बनना है लेकिन बजट के अभाव में काम नहीं हो पा रहा है।

शहर में आधुनिक और ईको फ्रेंडली मुक्तिधाम बनना है। विरियाखेड़ी में बनने वाले इस मुक्तिधाम के लिए राशि जारी करना है लेकिन बजट के अभाव में इसकी स्वीकृति अटक गई है।

खबरें और भी हैं...