मप्र पटवारी संघ के आह्वान पर जिले के पटवारियों ने 229 अतिरिक्त हलकों के बस्ते ऑफिस कानूनगो को सौंप दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 1 जून तक 2100 से 2800 वेतनमान करने की मांग सहित अन्य मांगें नहीं मानी तो सभी हलकों के बस्ते सौंप दिए जाएंगे। इसके साथ ही काम बंद हड़ताल शुरू होगी।
पटवारी मांगों के लेकर 18 मई से काली पट्टी बांधकर काम कर रहे हैं। सोमवार को रतलाम तहसील के पटवारियों ने 48 अतिरिक्त हलकोंं के बस्ते नायब तहसीलदार घनश्याम लोहार को सौंपे। बाकी तहसीलों में भी तहसीलदारों को अतिरिक्त हलको के बस्ते सौंपे दिए। संघ जिलाध्यक्ष ध्रुवलाल निनामा, रतलाम तहसील अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पाटीदार, प्रचार मंत्री मोहित सिंह ने चेतावनी दी कि यदि 1 जून तक हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो सभी पटवारी बस्ते सौंपेंगे और काम बंद हड़ताल शुरू करेंगे। जिले में 429 कुल पटवारी हलके हैं। 200 पटवारी जिले में काम कर रहे हैं और पटवारियों के पास 229 हलके अतिरिक्त हैं।