छू लेंगे आसमां योजना की लांचिंग पर सोमवार को सीएम शिवराजसिंह ने विद्यार्थियों से बात की। सीएम से चर्चा के लिए रतलाम की उत्कृष्ट स्कूल की होनहार छात्रा शिवानी चौहान का चयन हुआ था। सीएम से बात करने के लिए सुबह 10 से 11 बजे तक फोन लगाया लेकिन हर बार कॉल इंगेज ही मिला। इससे बात नहीं हो पाई। इसके पहले कलेक्टर ने स्टूडेंट को करियर काउंसलिंग की जानकारी दी। उन्होंने शिवानी से चर्चा भी की।
मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता - सीएम के प्रसारण के पूर्व कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्टूडेंट से कहा मेहनत का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थी अपनी इंटेलीजेंसी के साथ पूरी मेहनत भी करें तभी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। आत्मविश्वास सबसे महत्वपूर्ण होता है, विद्यार्थी अपने घर में दर्पण के सामने बोलने का अभ्यास करें। इसके बाद घर वालों के सामने जोर से उच्चारण करके बोलने का अभ्यास करें, अपनी स्किल को अच्छे से प्रजेंट करना बहुत महत्वपूर्ण होता है। देश-काल की परिस्थितियों का ज्ञान हो, जनरल नॉलेज मजबूत रखें। साथ ही कोई एक शारीरिक व्यायाम अथवा खेल का अवश्य चयन करें। समूह में खेलना टीम स्पिरिट तथा सामंजस्य सिखाता है। जिला पंचायत सीईओ सोमेश मिश्रा, प्रभारी डीईओ अमर वरधानी, उत्कृष्ट स्कूल की प्राचार्य डॉ. पूर्णिमा शर्मा आदि मौजूद थीं। हम छू लेंगे आसमां योजना के तहत विद्यार्थियों की काउंसलिंग तथा मार्गदर्शन के लिए तीन केंद्र बनाए हैं।
शिवानी से चर्चा करतीं कलेक्टर और समीप हैं प्रभारी डीईओ और उत्कृष्ट स्कूल की प्राचार्य।
शिवानी को ये सवाल पूछना था सीएम से
85 फीसदी से अधिक अंकों के आधार पर स्टूडेंट का प्रदेश के इंजीनियरिंग कॉलेज में उनकी मनपसंद शाखा में प्रवेश की सुविधा उपलब्ध कराई जाए जिससे जो स्टूडेंट जेईई प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाएं, उन्हें बिना वर्ष गंवाए इंजीनियरिंग करने का अवसर मिल सके।