पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • मेडिकल कॉलेज में 8 और प्रोफेसरों ने किया ज्वाइन, 90 फीसदी भर्ती पूरी हुई

मेडिकल कॉलेज में 8 और प्रोफेसरों ने किया ज्वाइन, 90 फीसदी भर्ती पूरी हुई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मेडिकल कॉलेज में सोमवार को 8 और प्रोफेसरों ने ज्वाइन कर लिया। इस तरह अब मेडिकल कॉलेज में 90 फीसदी पदों पर भर्ती हो गई है। यहां अभी भी साइकेट्रिस्ट असिस्टेंट प्रोफेसर, रेडियो डाइग्नोसिस्ट एसोसिएट प्रोफेसर, मेडिसिन में प्रोफेसर के पद खाली हैं। इन्हें इस महीने के आखिरी हफ्ते में भर लिया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संजय दीक्षित ने बताया हमारी भर्ती पर्याप्त हो गई है। भर्ती को लेकर अब मान्यता में कोई दिक्कत नहीं रहेगी।

हमारे मेडिकल कॉलेज की कक्षाएं 1 अगस्त से शुरू होंगी। इसके लिए प्रोफेसरों के पदों पर लगातार भर्ती की जा रही है। कॉलेज ने एमसीआई के सामने पिछले महीने 83 फीसदी पदों की भर्ती बताई थी लेकिन एमसीआई ने उसे 63 फीसदी ही माना था। एमसीआई ने दूसरे सरकारी मेडिकल कॉलेज से ट्रांसफर होकर आए प्रोफेसरों को इसमें शामिल नहीं किया। इस पर मेडिकल कॉलेज के डीन और मप्र शासन ने ओवर साइट कमेटी को लिखित में दिया कि प्रदेश के जिन सरकारी कॉलेज से प्रोफेसर ट्रांसफर होकर आए हैं, वहां इनके यहां आने से पढ़ाई में दिक्कत नहीं हो रही है। इसलिए पदों की पूर्ति 83 फीसदी मानी जाए और एमसीआई के 75 फीसदी से ज्यादा भर्ती के मानक को पूरा मानकर मान्यता दी जाए। ओवर साइट कमेटी ने यह पक्ष स्वास्थ्य मंत्रालय के सामने रखा है। अब 30 मई के पहले भारत सरकार से मान्यता को लेकर निर्णय आना है। इसके पहले बचे हुए पदों पर भर्ती जारी है। सोमवार को 8 प्रोफेसरों ने ज्वाइन किया। इसके साथ ही हमारी 90 फीसदी भर्ती पूरी हो गई है।

इन प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों ने किया ज्वाइन

प्राध्यापक सर्जरी- डॉ. नीलम राजेंद्र चार्लेस सहायक प्राध्यापक एनाटोमी- डॉ. विजय चौहान, जनरल मेडिसिन-डॉ.भारत कुमार परमार, ऑप्थेल्मोलॉजी-डॉ. मधुबाला गुबरेले, ऑर्थोपेडिक्स-डॉ. प्रदीप दुबे व डॉ. नितिन किराड़िया, टीबी एंड चेस्ट- डॉ. दीपक नागर, एनेस्थीसिया-डॉ. योगेश तिलकर।

लैब असिस्टेंट, इलेक्ट्रिशियन आदि पदों पर जून में होगी भर्ती- नर्स, इलेक्ट्रिशियन, लैब असिस्टेंट, लैब अटेंडर, पैथोलॉजिस्ट, भृत्य आदि के पदों पर जून के प्रथम हफ्ते में भर्ती शुरू होगी।

खबरें और भी हैं...