भास्कर संवाददाता | बिरमावल/ रतलाम
ध्यानयोगी महर्षि उत्तम स्वामी के सान्निध्य में बांगरोद और बिरमावल में सोमवार से दो दिनी कार्यक्रम शुरू हुआ। इसमें जिले सहित अन्य स्थानों के गुरुभक्तों ने गुरुपूजा की। इस दौरान कलश यात्रा भी निकाली।
उत्तम स्वामीजी ने कहा सद्कर्म से मोक्ष ही मिलता है। प्रत्येक व्यक्ति को पीड़ित मानवता की सेवा करना चाहिए। गो-सेवा के कार्य करना चाहिए। धर्म ही सच्ची राह दिखाता है। सभी को धार्मिक आयोजनों में अधिकाधिक सहभागिता करना चाहिए। सुबह जीएस डामोर मित्र मंडल के तत्वावधान में कामधेनु गोशाला सेवा मंडल बिरमावल के सहयोग से कामधेनु गोशाला में विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। पहले स्वामीजी के सान्निध्य में कलश यात्रा निकाली। इसमें स्वामीजी सुसज्जित रथ में सवार हुए तो महिलाएं, युवतियां, बालिकाएं सिर पर मंगल कलश उठाकर निकलीं। यात्रा के गोशाला पहुंचने पर गोमाता की पूजा-अर्चना की। मुख्य अतिथि राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष हिम्मत कोठारी थे। अध्यक्षता मप्र कृषक आयोग अध्यक्ष ईश्वरलाल पाटीदार ने की। ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर, पूर्व विधायक धूलजी चौधरी, मंडल अध्यक्ष कन्हैयालाल पाटीदार, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष शांतिलाल पाटीदार, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पद्मा जायसवाल विशेष रूप से मौजूद थी। जीएस डामोर, सूरज डामोर ने स्वामीजी की चरण वंदना की। इसके बाद गुरु दर्शन, पूजा, प्रवचन और भोजन प्रसादी हुई। आयोजनकर्ता वनांचल मित्र मंडल भोपाल के प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व प्रमुख अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जीएस डामोर थे। अमृत पटेल, समरथ पाटीदार, रितेश जोशी, सुरेश पाटीदार, साधना जायसवाल आदि मौजूद रहे। संचालन शांतिलाल पाटीदार ने किया। आभार डामोर ने माना।
बिरमावल में कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालु। इनसेट : उत्तम स्वामी।