पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • रतलाम को कुपोषण मुक्त कर बच्चों को अच्छे भविष्य की ओर ले जाएं : काश्यप

रतलाम को कुपोषण मुक्त कर बच्चों को अच्छे भविष्य की ओर ले जाएं : काश्यप

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बच्चा यदि स्वस्थ होता है तो कहीं भी जा सकता है। उसकी प्रगति की सीमाएं अनंत होती हैं। आवश्यकता केवल एक बेहतर वातावरण के निर्माण की हैं। माताएं अपने बच्चों के लिए सदैव चिन्तित रहती हैं। इसलिए स्नेह सरोकार अभियान से जुड़कर रतलाम को कुपोषण मुक्त बनाकर बच्चों को अच्छे भविष्य की ओर ले जाएं।

यह बात राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष व शहर विधायक चेतन्य काश्यप ने स्नेह सरोकार अभियान के शुभारंभ अवसर पर कही। चेतन्य काश्यप फाउंडेशन ने महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ ईश्वर नगर एवं राम रहिम नगर के आंगनवाड़ी केंद्रों में चिह्नित बच्चों में पोषण आहार का वितरण कर शुभारंभ किया। रतलाम को कुपोषण मुक्त करने के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत करते हुए काश्यप ने कहा कुपोषण का बच्चों के जीवन पर बहुत असर पड़ता है। दिमाग में कमजोरी आने पर उनका संपूर्ण विकास नहीं हो पाता। सरकार द्वारा ऐसी समस्याओं के निदान के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, मगर उनकी अपनी मर्यादा है। डॉक्टरों के अनुसार मंदबुद्धि बच्चों को बचपन में ही उचित देखभाल एवं आहार मिल जाए, तो उनकी बीमारी दूर हो सकती है। रतलाम में 2300 से अधिक बच्चे कम वजन एवं 300 बच्चें अति कम वजन के है। इन बच्चों को स्वस्थ बनाने के लिए अच्छा वातावरण देने के उद्देश्य से स्नेह सरोकार अभियान शुरू किया है। काश्यप ने महिलाओं से गंभीरतापूर्वक नियमित रूप से उन्हें पोषण आहार दिलाने का आह्वान करते हुए कहा कि कामकाजी महिलाओं के लिए फाउंडेशन द्वारा अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा स्नेह सरोकार अभियान विधायक काश्यप का अनूठा एवं अभिनव प्रयास है। शहर के विकास और जनहित के लिए वे इससे पूर्व भी कई अनुकरणीय कार्य कर चुके है। माताएं एवं बहने अभियान से जुड़कर परिवार और बच्चों के भविष्य को सही दिशा में ले जाएं। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी सुषमा भदौरिया ने कहा स्नेह सरोकार अभियान में फाउंडेशन द्वारा संपूर्ण पोषण आहार उपलब्ध करवाया जाएगा। बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए फाउंडेशन द्वारा वॉलेंटियर भी नियुक्त किए है जो माताओं एवं आंगनवाड़ी के बीच सेतु का काम करेंगे। भाजपा दिनदयाल मंडल अध्यक्ष जयवंत कोठारी, झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ की प्रदेश सहसंयोजक अनीता कटारिया, अभियान समन्वयक निर्मल कटारिया, वीरेंद्रसिंह डोडिया आदि मौजूद थे।

2600 बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने का लक्ष्य

स्नेह सरोकार अभियान में चेतन्य काश्यप फाउंडेशन ने शहर में चिह्नित 2300 अधिक कम वजन एवं 300 अति कम वजन के बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने का लक्ष्य रखा है। फाउंडेशन इसके लिए 6 माह से 3 वर्ष तक के कम वजन वाले बच्चों को सुबह नाश्ता एवं दोपहर का भोजन दिया जाएगा। तीसरे भोजन के रूप में दोपहर 3 से 4 बजे तक कम वजन के सभी बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ प्रोटीन युक्त बिस्किट अथवा बेसन एवं मूंगफली की चक्की भी दी जाएगी। फाउंडेशन द्वारा नियुक्त वॉलेंटियर (मार्गदर्शक) दिन में आंगनवाड़ी केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। वे शाम को घर-घर जाकर माताओं की काउंसिलिंग कर उन्हें बच्चों को आंगनवाड़ी लाकर कुपोषण मुक्त करने के लिए प्रेरित करेंगे।

खबरें और भी हैं...