- Hindi News
- Local
- Mp
- Ratlam
- करमदी में 77 लाख रुपए की नल जल योजना का कार्य पूर्णता की ओर है, अगले साल होगी जलापूर्ति : काश्यप
करमदी में 77 लाख रुपए की नल-जल योजना का कार्य पूर्णता की ओर है, अगले साल होगी जलापूर्ति : काश्यप
चलो पंचायत अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी सूरजमल जैन मंडल ने ग्राम करमदी में कार्यक्रम किया। इसमें विधायक एवं राज्य योजना आयोग उपाध्यक्ष चेतन्य काश्यप की मौजूदगी में प्रधानमंत्री आवास योजना के 55, उज्जवला योजना के 1 एवं मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के 8 हितग्राहियों का सम्मान किया। भाजयुमो स्पेशल 11 के सदस्य कार्यकर्ताओं को बैज भी लगाए गए।
विधायक ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में देश और प्रदेश की भाजपा सरकार जनकल्याण की दिशा में सतत कार्य कर रही है। इन कार्यों से खेती और ग्रामों की स्थिति मजबूत होकर बदली है। करमदी में 77 लाख की नल जल योजना का कार्य पूर्णता की ओर है। इससे अगले वर्ष जलापूर्ति होने लगेगी। ग्राम में 20 लाख की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण होगा। स्ट्रीट लाइट के लिए विधायक निधि से राशि दी गई है। ग्राम के मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए शासन से 16 लाख रुपए मिलेंगे। करमदी में अब तक 2 से 3 करोड़ रुपए के कार्य हो चुके हैं। हाल ही में करमदी से मथुरी के बीच 3 करोड़ की लागत से नए टू-लेन मार्ग की स्वीकृति हुई है। नमकीन क्लस्टर भी जल्द शुरू होगा। इसमें स्थानीय लोगों को रोजगार की प्राथमिकता मिलेगी। झाबुआ-रतलाम होते हुए एक नए एक्सप्रेस-वे को भी केंद्र की मंजूरी मिली है। इसे नमकीन क्लस्टर के पीछे से निकाला जाएगा। काश्यप ने कहा महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज का जो स्वप्न देखा था, उसे भाजपा सरकारों ने पूरा किया है। निगम अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा भाजपा के नेतृत्व में चौतरफा विकास कार्य हुए है। ग्रामीणजन चुनाव के दौरान किसी के बहकावे में न आए और भाजपा को फिर से मौका दें। इससे ग्राम की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का मार्ग प्रशस्त होगा। इस दौरान ग्राम के वरिष्ठ लक्ष्मीनारायण पाटीदार ने आबादी क्षेत्र बढ़ाने के लिए 15 बीघा भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। अतिथियों ने भाजयुमो कार्यकर्ताओं को बैज लगाए। स्वच्छता प्रेरकों, प्रधानमंत्री आवास व उज्जवला योजना तथा तीर्थ दर्शन योजना के हितग्राहियों का सम्मान किया। मंडल अध्यक्ष संतोष पोरवाल, विधानसभा विस्तारक कृपालसिंह हाड़ा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सोनू यादव, पूर्व सरपंच अंबालाल पाटीदार, इब्राहिम शेरानी आदि मौजूद थे। संचालन सुरेश वर्मा ने किया। आभार ईश्वरलाल ने माना।
सम्मानित हितग्राहियों के साथ विधायक काश्यप व अन्य।