पिता ने आवेदन देकर कहा बड़े बेटे से भरण-पोषण राशि दिलवाएं
एक पिता बड़े बेटे की शिकायत लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचा। कलेक्टर ने रतलाम ग्रामीण एसडीएम को कार्रवाई के लिए लिखा।
ग्राम दंतोड़िया निवासी राजाराम जाट ने कलेक्टर रुचिका चौहान को आवेदन दिया कि मेरे दो बेटे हैं भंवरलाल और योगेश। छोटा बेटा योगेश मेरा खर्च उठा रहा है लेकिन भंवरलाल खर्च नहीं दे रहा। रुपए मांगने पर वह विवाद करता है और परेशान करता है। बड़े बेटे भंवरलाल से मुझे भरण-पोषण राशि दिलवाई जाए। कलेक्टर चौहान ने रतलाम ग्रामीण एसडीएम नेहा भारतीय को कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 119 आवेदन आए।
तलाई की पाल टूटी- ग्राम विंजाखेड़ी के बिजासन स्वयं सहायता समूह अध्यक्ष बालमुकुंद बागरी ने गांव में सरकारी तलाई है। लेकिन उसकी पाल टूटने से उसमें पानी नहीं रुक रहा है। जिससे आसपास के गांवों के मवेशियों को पानी नहीं मिल रहा है। कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ सोमेश मिश्रा को प्रकरण देखने के निर्देश दिए। प्रीतमनगर की पिंकी परिहार पिता मोहनलाल ने सहकारिता बैंक प्रीतमनगर से ऋण लिया था। उनका निधन हो गया है। उस समय संस्थान ऋण माफी की बात कही थी लेकिन 6 साल बाद फिर से ऋण चुकाने का नोटिस थमा दिया है। कलेक्टर ने प्रकरण निराकरण करने के निर्देश दिए।