कभी बादल तो कभी रही तेज धूप, तापमान 42 डिग्री
मौसम में एक बार फिर परिवर्तन होने लगा है। 5 दिन पहले 44 डिग्री के करीब पहुंच चुका पारा अब 42 डिग्री पर आ गया है। वहीं रात के तापमान में भी कमी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक आगामी दिनों में तापमान में ज्यादा कमी या बढ़त नहीं होगी।
मंगलवार को शहर में हल्के बादल छाए रहे। इससे कभी तेज धूप तो कभी बादल का खेल शाम तक चला। हालांकि मौसम के इस बदले मिजाज से आमजन को तेज गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री व न्यूनतम 25 डिग्री रिकॉर्ड किया। सोमवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़त व न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की कमी हो गई। सोमवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रहा था। सुबह को आर्द्रता 50 व शाम को 23 प्रतिशत रही। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक लगातार बन रहे विक्षोभ के कारण मौसम में यह बदलाव हो रहे है। कुछ दिनों पहले राजस्थान में विक्षोभ से तापमान में कमी थी तो अब एक और विक्षोभ बना है। आने वाले 2 दिनों तक तापमान में ज्यादा कमी या बढ़त नहीं होगी।