जिला अस्पताल में एलाइजा रीडर से नि:शुल्क हो रही है डेंगू की जांच
किसी प्रकार का बुखार होने पर रक्त की जांच जरूर करवाना चाहिए। डेंगू वायरस की जांच के लिए अत्याधुनिक एलाइजा पद्धति से जांच और उपचार सुविधा जिला अस्पताल में नि:शुल्क उपलब्ध है।
यह बात सिविल सर्जन डॉ. आनंद चंदेलकर ने विश्व डेंगू दिवस पर कही। आमजन में डेंगू की जागरूकता के लिए जिला अस्पताल से रैली निकाली गई। रैली को सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर ननावरे ने रवाना किया। जिला मलेरिया अधिकारी दौलत पटेल ने स्वच्छता एवं जागरूकता की शपथ दिलाई। सीएमएचओ ने कहा एडीज मच्छर दिन में काटता है और शरीर में विकसित होकर संक्रमण की स्थिति निर्मित करता है। इससे डेंगू होता है। लक्षणों में बुखार के साथ-साथ तेज सिरदर्द आंखों व जोड़ों में दर्द, उल्टी होना व त्वचा पर लाल चकत्ते पड़ना मुख्य है। इनसे बचाव के लिए तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करना चाहिए। जिला मलेरिया अधिकारी दौलत पटेल ने कहा डेंगू रोग से बचाव के लिए घर के आसपास सफाई रखें, मच्छरों को रोकने के लिए टंकियां ढंक कर रखें। कूलर व बर्तनों में रखे पानी को समय-समय पर बदलें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पिपलौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी डेंगू से बचाव के लिए स्वच्छता एवं जागरूकता की शपथ दिलाई। नर्सिंग छात्राएं मच्छरों से बचाव संबंधी तख्तियां लेकर चल रही थीं। सहायक मलेरिया अधिकारी एनएस वसुनिया, एनवीबीडीसीपी कंसलटेंट प्रमोद प्रजापति, आशीष चौरसिया, सरला कुरील, संदीप विजयवर्गीय आदि मौजूद थे।