कुश्ती स्पर्धा : जैन स्कूल परिसर में रात 2 बजे तक हुए मुकाबले
सागोद रोड स्थित जैन स्कूल परिसर में जिला व मध्यप्रदेश केसरी बनने के लिए 60 से ज्यादा पहलवानों ने दम-खम दिखाया। 50 बाय 50 के एरिना में ओपन वेट में महिला मप्र केसरी बनने के लिए दो सगी बहनों प्रियांशी व नूपुर प्रजापत में 5 मिनट तक मुकाबला हुआ। नूपुर को 5 प्वाइंट से पछाड़ प्रियांशी ने खिताब जीता।
राधा-कृष्ण व्यायामशाला व रतलाम जिला कुश्ती संघ के तत्वावधान में मुकाबले रात 2 बजे तक हुए। आयोजन स्व. भोला पहलवान की स्मृति में किया गया। मध्यप्रदेश केसरी का मुकाबला इंदौर के रेहान खान व इंदौर के राम यादव पहलवान के बीच हुआ। रेहान ने राम यादव को टेक्निकल सुपीरियरिटी में 10 प्वाइंट से हरा दिया। यह फैसला 3 मिनट में हो गया। रेहान पहलवान को मध्यप्रदेश केसरी का खिताब दिया गया। इसमें अभिषेक यादव को ब्रांज मेडल मिला। जिला केसरी ओपन वजन समूह में जवाहर व्यायामशाला के मनीष कुमार व रिजवान के बीच मुकाबला हुआ। इसमें जवाहर व्यायामशाला के मनीष 4-1 से विजेता रहे। ब्रांज मेडल सारिक मंसूरी ने जीता। 28 विभिन्न वजन समूह के फाइनल हुए। समिति अध्यक्ष चंदर पहलवान, जिला कुश्ती संघ के संरक्षक राजीव रावत ने बताया प्रतियोगिता में खेले गए सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय नियमों के आधार पर हुए।
दो बहनों के बीच 5 मिनट तक हुई कुश्ती, नूपुर को 5 प्वाइंट से पछाड़ प्रियांशी बनीं महिला मप्र केसरी, मनीष ने जीता जिला केसरी का खिताब
मध्यप्रदेश महिला केसरी प्रियांशी व उपविजेता नूपुर को पुरस्कार देते अतिथि।
मध्यप्रदेश केसरी इंदौर के रेहान खान।
जिला केसरी जवाहर व्यायामशाला के मनीष।
ये रहे निर्णायक
मुकाबलों में निर्णायक की भूमिका अंतरराष्ट्रीय निर्णायक व पहलवान सत्यदेव मलिक, संजीव मलिक उदयपुर, मनीष खांडेराव इंदौर, विनय जगराम, दुर्गेश धाकड़ ने निभाई। ऑफिशियल दायित्व मोहित टांक, महेंद्रसिंह सोलंकी, आरसी तिवारी, महेंद्र शुक्ला, सुरेश माथुर, महेंद्रसिंह सोलंकी, सर्वेश कुमार माथुर ने निभाया।