पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Ratlam
  • आज नहीं चलेंगी बसें, यात्रियों के लिए प्राइवेट टैक्सी व ट्रेन ही रहेंगे विकल्प

आज नहीं चलेंगी बसें, यात्रियों के लिए प्राइवेट टैक्सी व ट्रेन ही रहेंगे विकल्प

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
यदि सोमवार को आप बस से शहर के बाहर कहीं जाने वाले हैं तो इसे टाल दीजिए क्योंकि किराये में 40 फीसदी बढ़ोतरी की मांग को लेकर बस ऑपरेटर एक दिनी हड़ताल पर रहेंगे। यदि जाना जरूरी हो तो विकल्प के तौर पर ट्रेन, प्राइवेट टैक्सी या निजी वाहन रहेंगे।

हड़ताल का ऐलान मध्यप्रदेश बस ऑनर एसोसिएशन ने किया है। इससे रतलाम की 340 बसों के पहिये थम जाएंगे। जिला बस ऑनर्स एसोसिएशन सचिव दिलीप पंड्या ने बताया डीजल, आॅइल, टायर, मोटर पार्ट्स के दाम व टैक्स बढ़ गया है। कई महीनों से सरकार से किराये में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। सरकार ने अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है इसे लेकर हड़ताल करने का निर्णय लिया। पंड्या ने बताया किराये में बढ़ोतरी की मांग के साथ पेनल्टी माफ करने की मांग की जा रही है। कुछ बस ऑपरेटरों पर पुराना टैक्स बाकी है, हम चाहते हैं कि पेनल्टी माफ कर दी जाए। यदि पेनल्टी माफ होती है तो सरकार को करोड़ों को फायदा होगा।

यहां तक चलती हैं शहर से बसें- शहर से बसों का आवागमन रातभर रहता है लेकिन सुबह 4.30 बजे से बस स्टैंड से आसपास की सवारियां मिलना शुरू हो जाती हैं। रतलाम से मंदसौर, नीमच, जावरा, धार, उज्जैन, इंदौर, शाजापुर, प्रतापगढ़, उदयपुर, शिर्डी, भोपाल, झाबुआ की ओर जाने वाली बसें प्रमुख हैं।

इंदौर-झाबुआ-प्रतापगढ़ के रास्ते के गांवों के यात्रियों को परेशानी- बसों की हड़ताल का सीधा असर शहरों में जाने वाले लोगों पर कम पड़ेगा। शहर से इंदौर, मंदसौर, नीमच, भोपाल, उज्जैन आदि जगह जाने के लिए ट्रेन है। प्रतापगढ़, इंदौर, झाबुआ के बीच आने वाले क्षेत्रों के लिए बस एकमात्र विकल्प है। इन रास्तों में 50 से ज्यादा गांव आते हैं। हड़ताल से यहां के यात्रियों को ज्यादा परेशानी होगी।

ट्रेनों का रहेगा विकल्प

रतलाम से इंदौर जाने के लिए अवंतिका एक्सप्रेस सुबह 5.35 बजे, डेमू सुबह 6.35 बजे, 10 बजे, दोपहर 1 बजे, शाम 7 बजे, रतलाम ग्वालियर एक्सप्रेस शाम 5.10 बजे रहेगी। रतलाम से उज्जैन जाने के लिए अवंतिका सुबह 5.35 बजे, मेल एक्सप्रेस सुबह 5.50 बजे, पुणे इंदौर सुबह 8.05 बजे, दाहोद हबीबगंज सुबह सुबह 8.35 बजे, ओखा गोरखपुर एक्सप्रेस दोपहर 1 बजे, पुणे ग्वालियर एक्सप्रेस 2.20 बजे, रतलाम ग्वालियर एक्सप्रेस शाम 5.10 बजे रहेगी। रतलाम से चित्तौड़गढ़ के लिए इंदौर-जोधपुर ट्रेन सुबह 6.35 बजे, हल्दीघाटी पैसेंजर सुबह 8.35 बजे, रतलाम चित्तौड़गढ़ डेमू सुबह 9.45 बजे, वीर भूमि एक्सप्रेस दोपहर 12.30 बजे, रतलाम उदयपुर एक्सप्रेस 4.45 बजे, रतलाम भीलवाड़ा डेमू शाम 6.30 बजे, भोपाल जयपुर एक्सप्रैस 10.40 बजे। रतलाम से वडोदरा जाने के लिए फिरोजपुर जनता सुबह 5.45 बजे, झांसी बांद्रा सुबह 6.25 बजे, कटरा जामनगर सुबह 8.15 बजे, पुरी वलसाड दोपहर 12.15 बजे, देहरादून एक्सप्रेस दोपहर 2.25 बजे, अवध एक्सप्रेस शाम 4.45 बजे, कोटा वडोदरा शाम 5.45 बजे, गोल्डन टैंपल 7.05 बजे, अवंतिका 7.40 बजे आदि।

सभी थानों पर अलर्ट

सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है। हमारी तरफ से यात्रियों को पूरी तरह से सुरक्षा दी जाएगी। यदि कोई भी उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करेंगे। अमित सिंह, एसपी, रतलाम

बस एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की जाएगी। यदि बसों को रोकने की कोशिश की जाती है तो कार्रवाई होगी। यात्रियों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। रुचिका चौहान, कलेक्टर, रतलाम

खबरें और भी हैं...